Ranchi: झारखंड विधानसभा घेराव के बाद लौट रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे यह घटना होने की जानकारी है। छात्रों और प्रशासन के बीच नोकझोंक के बाद स्थिति बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंधेरा होने के कारण कई छात्र भागते हुए दिखाई दिए। घटना में कई छात्रों को चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई गई। दूसरी ओर पुलिस ने छात्रों पर पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पत्थरबाजी के बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया। इसी दौरान JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि विधानसभा घेराव समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान छात्रों और प्रशासन के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते अभ्यर्थी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी के दौरान पुलिस के साथ गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है। इसके बाद प्रशासन ने भीड़ को वहां से हटाने का प्रयास किया। भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो भी अभ्यर्थियों के साथ सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें और अन्य अभ्यर्थियों को वहां से हटने के लिए कहा। अभ्यर्थियों के नहीं हटने पर प्रशासन ने उन्हें हटाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में देवेंद्र नाथ महतो को चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को राज्य के 24 जिलों से बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव करने पहुंचे थे। छात्रों ने विधानसभा तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल किया। कई छात्र पहाड़ी रास्तों से होते हुए विधानसभा की ओर बढ़े। कुछ छात्र खेतों के रास्ते भी आगे बढ़ते दिखाई दिए। इस दौरान पुलिस को छात्रों को रोकने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। छात्रों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर नोकझोंक हुई। आंदोलन के दौरान पुलिस ने दो से तीन बार लाठीचार्ज किया। बाद में विधानसभा घेराव खत्म होने के बाद लौटते समय फिर विवाद हुआ। अब इस घटना को लेकर छात्र संगठनों और पुलिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।


