गुमला जिले में आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 से 7 नवंबर तक विशेष आयुष शिविर लगाए जाएंगे। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय ने इस अभियान की तैयारी की है। शिविर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सरकारी स्कूलों तथा चयनित गांवों में आयोजित होंगे। इनमें लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाएं भी दी जाएंगी। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। दो नवंबर को अभियान की शुरुआत हड्डियों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं की जांच के साथ होगी। इस दिन ऑस्टियो आर्थराइटिस के मरीजों को भी चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। बसिया, घाघरा, सिसई, चैनपुर, बिशुनपुर, डुमरी, रायडीह और गुमला के आयुष औषधालयों में शिविर लगेंगे। पालकोट, जारी और भरनो प्रखंड परिसर के अलावा कामडारा में बैंक के समीप भी स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था रहेगी।
तीन नवंबर को बुजुर्गों के लिए जेरियाट्रिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था होगी। उन्हें आवश्यक आयुष चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। चार नवंबर को सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आयुर्वेदीय स्वास्थ्य एवं योग कार्यक्रम होंगे। सिसई, बिशुनपुर, बसिया और गुमला प्रखंड के चयनित विद्यालय इसमें शामिल होंगे। घाघरा, रायडीह, डुमरी और चैनपुर के सरकारी स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आयुर्वेद और योग के फायदे समझाए जाएंगे। पांच नवंबर को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए अलग से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनका लाभ मुख्य रूप से बिरहोर और असुर समुदाय के लोगों को मिलेगा।
घाघरा प्रखंड के मथनीडीपा में पीवीटीजी समुदाय के लिए शिविर आयोजित होगा। बिशुनपुर प्रखंड के जेहनगुटवा और बिरहोर कॉलोनी में भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। चैनपुर प्रखंड के दिना और डुमरी की असुर टोली में भी शिविर लगाए जाएंगे। छह नवंबर को बसिया, गुमला और चैनपुर में कारुण्या स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। सात नवंबर को आयुष ग्राम स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। घाघरा प्रखंड के बड़काडीह, देवाकी और नवडीहा गांव इस कार्यक्रम में शामिल हैं। सिसई के नगर, जमगई और रेड़वा में भी शिविर लगाए जाएंगे। रायडीह प्रखंड के पतराटोली, खीराखाड़ और भलमंडा गांवों में स्वास्थ्य जांच होगी। गुमला प्रखंड के टोटो, आंजन और करौंदी में भी ग्रामीणों को निःशुल्क सेवाएं मिलेंगी। जिला प्रशासन ने लोगों से इन शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है। खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण परिवारों को शिविरों में आने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। सहिया दीदियों के माध्यम से गांवों में अभियान का प्रचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।



