रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शुक्रवार को शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस समारोह आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए। समारोह में पारितोषिक वितरण कार्यक्रम भी रखा गया था। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके बलिदान को याद करते हुए नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियां भी सौंपी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन मांझी के संघर्षों को याद किया।
उन्होंने कहा कि शहीद की शहादत ने आदिवासी और मूलवासी समाज को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा दी। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ शुरू हुए संघर्ष को दबाने की कोशिश की गई थी। बाद में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में यह आंदोलन फिर मजबूत हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने पुराने समय का जिक्र करते हुए कहा कि आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग पहले खुलकर अपनी बात नहीं रख पाते थे। सामंती विचारधारा रखने वाले लोगों के सामने उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज परिस्थितियां बदली हैं और समाज के लोग स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव का श्रेय शहीद सोबरन मांझी के बलिदान को दिया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक अलग झारखंड राज्य का निर्माण कई क्षेत्रों में हुए संघर्षों और आंदोलनों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना में अन्याय के खिलाफ उठी आवाजें धीरे-धीरे बड़े आंदोलन में बदल गईं। उन्होंने कहा कि कभी आदिवासी-मूलवासी समाज की क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे। आज उसी समाज के लोग राज्य के संचालन और विकास में योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 18 से 50 वर्ष की करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि मिल रही है। सरकार चाहती है कि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और गरीबी से बाहर निकल सकें। उन्होंने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने संसाधनों को लेकर राज्य के सामने आ रही चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जरूरी राजस्व जुटाने में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। इसके बावजूद सरकार अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघर्ष करके झारखंड राज्य प्राप्त किया गया, उसी तरह अपने अधिकार भी हासिल किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य के लोगों के हितों और अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा।
समारोह में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और विधायक ममता देवी मौजूद रहीं। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा और डीआईजी अंजनी कुमार झा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत समेत कई अधिकारी कार्यक्रम में पहुंचे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने भी समारोह में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया गया है। उन्होंने भविष्य में इसे अधिक भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने की बात कही।



