ऋषि सुनक बनेंगे ब्रिटेन के पीएम, भारत में ‘दंगल’ शुरू, भाजपा ने किया कांग्रेस और महबूबा पर पलटवार

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारतीय मूल के एक सक्षम नेता ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं. इस असाधारण सफलता के लिए हम सभी को उनकी सराहना करनी चाहिए. यह दुखद है कि कुछ भारतीय राजनेता दुर्भाग्य से इस अवसर का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं.
ऋषि सुनक का नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है जिसपर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. भारतीय नेताओं की प्रतिक्रिया भी इसपर आ रही है. इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने एक ट्वीट किया है जिसपर संग्राम छिड़ता नजर आ रहा है. उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि जहां ब्रिटेन ने अल्पसंख्यक मूल के एक शख्स को अपने प्रधानमंत्री के तौर पर स्वीकार किया है. वहीं भारत अभी भी CAA और NRC जैसे विभाजनकारी कानूनों के साथ आगे बढ़ रहा है. महबूबा मुफ्ती के बयान के बाद भाजपा की भी प्रतिक्रिया सामने आयी है. यहां चर्चा कर दें कि कांग्रेस के भी कुछ नेताओं ने इसी तरह का विचार प्रकट किया है.
भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री चुने गये भारतीय मूल के ऋषि सुनक को एक सक्षम नेता बताया और मंगलवार को कहा कि इस असाधारण सफलता के लिए उनकी सराहना की जानी चाहिए लेकिन देश के कुछ विपक्षी नेता दुर्भाग्य से इस अवसर पर भी राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने एक के बाद एक ट्वीट कर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पी चिदंबरम और शशि थरूर पर पलटवार किया. चिदंबरम और थरूर सहित कुछ अन्य विपक्षी नेताओं ने सुनक के प्रधानमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त होने के बाद सोमवार को उम्मीद जताई थी कि भारत इस घटनाक्रम से सीख लेगा और अल्पसंख्यकों में से किसी को एक दिन शीर्ष पद पर चुने जाने की परंपरा को अपनाएगा.
from prabhat khabar



