World

पीएम मोदी के ग्वालियर पहुंचने से पहले बीजेपी ने दी सिंधिया को खुशखबरी, 5वीं लिस्ट में दिखा दबदबा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ग्वालियर पहुंचने से पहले बीजेपी ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ी खुशखबरी दी। बीजेपी की 5वीं लिस्ट में सिंधिया समर्थक कई नेताओं को टिकट मिला है। सबसे बड़ा पेंच गुना जिले की बमोरी विधानसभा सीट को लेकर फंसा था। यहां से सिंधिया समर्थक महेन्द्र सिंह सिसोदिया को बीजेपी ने फिर से टिकट दिया है। पीएम मोदी शनिवार को सिंधिया के बुलावे पर ग्वालियर के सिंधिया स्कूल पहुंचे थे। इस स्कूल के 125 साल पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

पीएम के एमपी पहुंचने के करीब 1 घंटे पहले बीजेपी ने उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में ज्योतिरादित्य सिंधिया के ज्यादातर समर्थकों को मौका दिया गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने शनिवार को उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में 92 नाम हैं। बीजेपी ने केवल विदिशा और गुना सीट को होल्ड किया है। बीजेपी प्रदेश में अभी तक 228 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।

सिंधिया समर्थक नेताओं को टिकट
बीजेपी ने सिंधिया समर्थक नेता महेन्द्र सिंह सिसोदिया को फिर से गुना जिले की बमोरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। महेन्द्र सिंह सिसोदिया की टिकट पर पेंच फंसा हुआ था। बताया जा रहा है कि सर्वे में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन सिंधिया के प्रेशर के कारण उन्हें टिकट मिल गया है। वहीं, मंत्री सुरेश धाकड़ को भी टिकट मिला है। सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले कमलेश जाटव को अम्बाह विधानसभा सीट से फिर से टिकट दिया गया है।

ग्वालियर पूर्व से ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीबी माया सिंह को टिकट दिया गया है। हालांकि यहां से सिंधिया समर्थक मुन्ना लाल गोयल भी रेस में थे। माया सिंह का संबंध सिंधिया राजघराने से है। अशोकनगर विधानसभा सीट से सिंधिया समर्थक जजपाल सिंह जज्जी को दोबारा मौका दिया गया है।

इनके कटे टिकट
बीजेपी ने भिंड की मेहगांव सीट से मौजूदा विधायक और नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का टिकट काट दिया है। भदौरिया भी सिंधिया समर्थक नेता थे। भांडेर सीट से भी सिंधिया की करीबी मानी जाने वाली रक्षा संतराम सिरोनिया का टिकट काटा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button