6 जिलों में 2.6 लाख लोग प्रभावित, हालात गंभीर.
गुवाहाटी | 10 जून 2025 असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही.
हालांकि राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिली है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई है, जिससे स्थिति में सुधार की उम्मीद की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि अगर आज भी बारिश नहीं हुई, तो हालात जल्द ही सामान्य हो सकते हैं।
ASDMA की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार रात तक छह जिलों में लगभग 2.6 लाख लोग अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ और भूस्खलन से इस साल अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में कामरूप जिले में तीन और लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
प्रशासन द्वारा चार जिलों में 130 राहत शिविर और वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां फिलहाल 24,908 विस्थापित लोगों को आश्रय, भोजन और अन्य आवश्यक सेवाएं दी जा रही हैं। राहत और पुनर्वास का कार्य तेजी से जारी है। सरकार और स्वयंसेवी संगठन मिलकर प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में जुटे हैं।


