JharkhandStates

रामगढ़ में 1085 नशीले इंजेक्शन जब्त.

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन संदिग्धों की तलाश जारी.

रामगढ़ पुलिस ने बस स्टैंड के पास कार्रवाई कर नशीली दवाओं की तस्करी का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके तीन साथी वहां से भाग गए। गिरफ्तार युवक के पास से पेंटाजोसीन इंजेक्शन के 1085 एम्पुल मिले हैं। कार्रवाई एसपी मुकेश कुमार लुनायत को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी।

डीएसपी मुख्यालय मो. अकरम रजा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम बस स्टैंड के पास पहुंची तो चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। इनमें से एक युवक हाथ में कार्टन लेकर भाग रहा था। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई। आकाश मूल रूप से बिहारशरीफ का रहने वाला बताया गया है। वह फिलहाल ब्लॉक चौक नायक टोला में किराए के मकान में रह रहा था। उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान आकाश ने पुलिस को नशीले इंजेक्शनों की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी दी। उसके अनुसार वह अपने साथियों के साथ गयाजी से इंजेक्शन मंगाता था। इसके बाद रामगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में इनकी बिक्री की जाती थी। पुलिस ने उसके पास मौजूद कार्टन को खोलकर जांच की। कार्टन के अंदर पेंटाजोसीन के 1085 एम्पुल बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के पास से दो की-पैड मोबाइल फोन भी मिले। बरामद दवाओं की औषधि निरीक्षक से जांच कराई गई। जांच में दवाओं को प्रतिबंधित पाया गया। पुलिस के अनुसार ये दवाएं नारकोटिक एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस श्रेणी में आती हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया। फरार तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button