Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना क्षेत्र में एक युवक पर पांच अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान चंद्रमोहन दास के रूप में हुई है। वह दोकटटा सोसो टोला गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। वारदात के बाद आरोपी उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम बड़ा झींकपानी में हाट लगा हुआ था। चंद्रमोहन वहां एक जूते की दुकान में काम करने पहुंचा था।
दुकान का काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने गांव के लिए निकला था। रास्ते में बड़ा झींकपानी और दोकटटा गांव के बीच पांच बाइक सवार लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखे रुपये छीन लिए। लूटपाट करने के बाद अपराधियों ने धान काटने वाले हसुए से उसकी गर्दन पर हमला किया। गंभीर चोट लगने से चंद्रमोहन वहीं गिर पड़ा। हमलावरों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वे उसे पास के खेत में फेंककर मौके से निकल गए। घायल युवक पूरी रात खेत में ही पड़ा रहा।
गुरुवार सुबह खेत में काम करने या वहां से गुजरने पहुंचे ग्रामीणों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। इस घटना के बाद टोंटो थाना क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों के बीच वारदात को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले में शामिल अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


