
राज्य में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा छा रहा है। दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। शाम होते ही तापमान नीचे आने लगता है। इसके बाद रात में ठंड का असर बढ़ जाता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान जारी किया है। कई जिलों में पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। 27 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। लातेहार और रामगढ़ में सबसे कम 10 डिग्री तापमान दर्ज होने का अनुमान है। रांची में रात का पारा 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के लौटने के बाद आसमान से बादल छंट गये हैं। इसका असर खास तौर पर कोल्हान क्षेत्र के अधिकतम तापमान पर दिख रहा है। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चाईबासा में पारा 31.4 डिग्री रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन शहरों के मुकाबले रांची में अधिकतम तापमान कम रहा। राजधानी में यह 24.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे है। डालटनगंज में 26 डिग्री और बोकारो में 27.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम केंद्र ने 25 से 30 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा या कुहासा रहने की संभावना जतायी है। दिन निकलने के साथ आसमान साफ हो सकता है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में यही स्थिति रहने की उम्मीद है। दक्षिणी हिस्से के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी सुबह धुंध छा सकती है। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी मौसम का यही रुख रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। ग्रामीण इलाकों, खुले स्थानों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात की ठंड ज्यादा महसूस होगी। सुबह और शाम लोगों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान भी लगभग एक जैसा बना रह सकता है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। इसके बावजूद सुबह और रात का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा।



