
झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सोमवार को राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 23 नवंबर को कोल्हान और आसपास के दक्षिणी जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ मेघ गर्जन होने का भी पूर्वानुमान है। रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल बने रह सकते हैं। सोमवार की सुबह दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर से आसमान साफ होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है। तापमान में इस बदलाव का असर सुबह और रात के मौसम पर दिखाई देगा। लोगों को पहले की तुलना में अधिक ठंड महसूस होगी। मौसम केंद्र ने 24 से 28 नवंबर तक सुबह कोहरे की संभावना भी जताई है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है।
इधर, पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है। कई इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हुई। कोडरमा जिले में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिलीमीटर बारिश हुई। लातेहार में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, खूंटी में लगभग एक मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का दौर खत्म होने के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। आसमान साफ रहने से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला तेज हो सकता है।



