बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शनिवार को मौसम खराब होने के कारण विमान परिचालन पर व्यापक असर पड़ा। सुबह से शुरू हुई परेशानी दोपहर बाद और बढ़ गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी 12 उड़ानें रद्द करने का फैसला लिया। कंपनी ने छह जोड़ी फ्लाइट का परिचालन नहीं किया। इससे पहले सुबह के सत्र में विभिन्न शहरों के लिए निर्धारित 14 उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। इस तरह पूरे दिन में कुल 20 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से रद्द की गई उड़ानों में बेंगलुरु की तीन जोड़ी शामिल हैं। बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु रूट पर IX-2464/2465, IX-2053/2176 और IX-1016/1530 का परिचालन रद्द रहा। दिल्ली-रांची-दिल्ली मार्ग की दो जोड़ी उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इनमें IX-2764/1097 और IX-1068/1069 शामिल हैं। इसके अलावा मुंबई-रांची-मुंबई सेक्टर की IX-1237/1238 उड़ान भी रद्द कर दी गई। इस तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह जोड़ी फ्लाइट यात्रियों को उपलब्ध नहीं हो सकीं।
सुबह के समय भी कई शहरों के लिए हवाई सेवाएं बाधित थीं। दिल्ली की चार उड़ानें रद्द की गई थीं। कोलकाता जाने वाली दो फ्लाइट भी नहीं चलीं। हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु के लिए भी एक-एक उड़ान रद्द की गई थी। दोपहर बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। कई यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अपनी फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली। इससे उनकी आगे की यात्रा की योजना प्रभावित हुई।
टर्मिनल परिसर में री-बुकिंग कराने वाले यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। लोग अगली उपलब्ध उड़ानों में सीट पाने के लिए काउंटरों पर जानकारी लेते रहे। कुछ यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। वहीं, कई लोग वैकल्पिक फ्लाइट में टिकट बदलवाने की कोशिश करते दिखे। लगातार उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर पूरे दिन असुविधा का माहौल रहा। खराब मौसम के कारण यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा। कुल मिलाकर शनिवार को रांची एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।



