गुमला की अदालत ने 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-तीन भूपेश कुमार की अदालत ने आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत उसे दोषी ठहराया। अदालत ने चार धाराओं में अलग-अलग सजाएं सुनाई हैं। सभी सजाएं एक साथ चलने के कारण उसकी कुल सजा 10 साल होगी। इसके साथ ही अदालत ने 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। फैसले से पहले राम प्रसाद लकड़ा ने सजा में रियायत देने की मांग की थी।
अदालत में उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। उसने कहा कि वह गरीब परिवार से है और घर का खर्च चलाने वाला अकेला व्यक्ति है। उसने परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए कम सजा देने की अपील की। हालांकि, अदालत ने उसकी दलील को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता और उसके पास से बरामद हथियारों तथा गोला-बारूद को ध्यान में रखते हुए सख्त सजा सुनाई।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 17 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। इनमें पुलिस अधिकारी और मुठभेड़ अभियान में शामिल जवान भी शामिल थे। इसके अलावा मामले के अनुसंधानकर्ता और चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी गवाही दी। अभियोजन पक्ष ने अदालत में जब्ती सूची, प्राथमिकी और विशेषज्ञ रिपोर्ट जैसे दस्तावेज पेश किए। इन सभी साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी माना। यह मामला 11 जून 2015 को हुई पुलिस-माओवादी मुठभेड़ से जुड़ा है। चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल के पास पुलिस और माओवादियों के बीच गोलीबारी हुई थी। तत्कालीन एएसपी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह अभियान चलाया था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा समेत तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसके पास से छह नियमित राइफल और लगभग 300 गोलियां मिली थीं। मौके से विस्फोटक सामग्री, नक्सली वर्दी और अन्य सामान भी बरामद किए गए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राम प्रसाद लकड़ा लगभग 22 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था। वह संगठन में जोनल कमांडर के रूप में काम करता था। उसकी गिरफ्तारी के समय उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। फिलहाल वह रांची के होटवार जेल में बंद है। अदालत के इस फैसले के बाद उसे अब 10 साल की जेल की सजा काटनी होगी।



