JharkhandStates

साइबर ठगी के आरोप में चार गिरफ्तार.

आठ मोबाइल और 13 सिम कार्ड पुलिस ने किए बरामद.

जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को अलग-अलग बहाने से ठगते थे। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।

करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव से समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल की गिरफ्तारी हुई। दोनों की उम्र क्रमशः 25 और 26 वर्ष है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिस्टोपुर गांव से 22 वर्षीय खगेन दाँ को गिरफ्तार किया गया। वहीं, जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से 37 वर्षीय उत्तम नाग पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस की जांच में आरोपियों के ठगी करने के तीन अलग-अलग तरीके सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, समरेश और प्रलाध आरटीओ ई-चालान के नाम पर व्हाट्सऐप संदेश भेजते थे। इन संदेशों के साथ APK फाइल डाउनलोड करने का लिंक दिया जाता था। लोगों को फाइल इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता था। फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपियों को मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारियां हासिल करने का मौका मिल जाता था। इसके बाद वे बैंक खातों से रुपये निकाल लेते थे। दूसरी ओर, खगेन दाँ बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था। वह बातचीत के दौरान एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी पूछ लेता था। इन जानकारियों का इस्तेमाल कर वह ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर करता था।

चौथे आरोपी उत्तम नाग पर फोन-पे कैशबैक के नाम पर ठगी करने का आरोप है। वह लोगों को 2,999 रुपये का कैशबैक मिलने का संदेश भेजता था। इसके बाद कैशबैक स्वीकार करने के बहाने लोगों को धोखे में रखता था। पुलिस के अनुसार, समरेश मंडल के खिलाफ पहले से जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 35/22 दर्ज है। खगेन दाँ के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं। इनमें कांड संख्या 70/21 और 56/25 शामिल हैं। छापेमारी में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल रहे। पुलिस के अन्य जवानों ने भी अभियान में भाग लिया। पुलिस ने लोगों को अनजान APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं बताने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button