खूंटी जिले में PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर व्यवसायियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को संगठन के नाम पर धमकाकर पैसे मांगने का आरोप है। पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र से दोनों को पकड़ा है। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों के पास से PLFI के तीन पर्चे भी मिले हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस कार्रवाई में खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस शामिल थी।
मामले की शुरुआत 13 नवंबर को हुई थी। उस दिन तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित आवासीय विद्यालय में PLFI का पर्चा फेंका गया था। पर्चे के माध्यम से लेवी की मांग की गई थी। इसके बाद 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही घटना हुई। वहां VKS सड़क निर्माण कार्य में लगे लोगों को संगठन का पर्चा देकर रकम मांगी गई थी। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
21 नवंबर को पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सूचना मिली। बताया गया कि तीन लोग बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक से जयपुर और कैलो की तरफ से रनिया पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। उनके पास से हथियार और PLFI से संबंधित सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार युवकों की पहचान संजू मांझी और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो के रूप में की गई है। दोनों की उम्र 24 वर्ष है। संजू के पिता बालू मांझी हैं और वह केलो गांव का निवासी है। अंकुश के पिता का नाम राम बागे है। वह भी केलो गांव का रहने वाला है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह ने नेतृत्व किया। उनके साथ मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू भी मौजूद थे। रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार और आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस ने भी अभियान में हिस्सा लिया। तपकरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक कैलाश उरांव सहित तीनों थानों के सशस्त्र बल भी छापेमारी दल में शामिल थे।



