JharkhandStates

तेतुलिया वन भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला.

दो वन अधिकारियों के खिलाफ अवमानना आदेश किया निरस्त.

तेतुलिया वन भूमि विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाईकोर्ट के एक अहम आदेश को रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने वन विभाग के दो अधिकारियों को अदालत की अवमानना का दोषी ठहराया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए अधिकारियों ने शीर्ष अदालत में अपील दायर की थी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई पूरी होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त कर दिया।

अधिकारियों की ओर से अदालत में जांच एजेंसियों के जुटाए गए साक्ष्यों का हवाला दिया गया। उनके वकीलों ने बताया कि हाईकोर्ट में इजहार हुसैन के पक्ष में जिन दस्तावेजों के आधार पर फैसला हुआ था, वे जांच में फर्जी पाए गए। दलील दी गई कि इन दस्तावेजों को वन भूमि पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से जालसाजी के जरिए तैयार किया गया था। इस बीच जमीन के मालिकाना हक को लेकर अलग मुकदमे की सुनवाई भी हुई। संबंधित अदालत ने वन विभाग के पक्ष में निर्णय सुनाया। अदालत ने विवादित जमीन को वन भूमि माना था। इन तथ्यों को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी रखा गया। अंततः शीर्ष अदालत ने वन अधिकारियों को अवमानना का दोषी ठहराने वाले हाईकोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया।

दरअसल, तेतुलिया वन भूमि घोटाले को लेकर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है। मामले के शुरुआती दौर में झारखंड हाईकोर्ट ने इजहार हुसैन और अन्य के पक्ष में फैसला सुनाया था। उस समय राज्य सरकार 103 एकड़ जमीन के वन भूमि होने का दावा साबित नहीं कर सकी थी। सरकार ने इस निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। हालांकि शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के पुराने फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद वन विभाग ने जमीन पर अपना दावा साबित करने के लिए सक्षम न्यायालय में अलग मुकदमा दायर किया। विभाग ने संबंधित पक्ष को पत्र लिखकर विवादित जमीन पर किसी भी तरह का काम रोकने का निर्देश भी दिया था।

वन विभाग के इस आदेश को उमायुष मल्टीकॉम ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति दीपक रौशन की पीठ में हुई। हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2025 को सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। बाद में 17 अप्रैल 2025 को अदालत ने अपना निर्णय सुनाया। इसमें वन अधिकारी डी. वैंकटेश्वरला और रजनीश कुमार को अवमानना का दोषी ठहराया गया था। दोनों अधिकारियों ने इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। शुरुआती सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने अपील पर अंतिम निर्णय आने तक अधिकारियों को सजा सुनाने पर रोक लगा दी थी। अब अंतिम सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश ही निरस्त कर दिया है। इससे अवमानना मामले में दोषी ठहराए गए दोनों अधिकारियों को राहत मिली है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button