JharkhandStates

महिलाओं और युवाओं के विकास पर सरकार का जोर.

हेमन्त सोरेन ने 2050 तक झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का संकल्प दोहराया.

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन शनिवार को रांची के खेलगांव में हुआ। इस अवसर पर राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ भी मनाई गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समारोह में मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की 823 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 820 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड के 26 वर्षों के सफर और राज्य निर्माण के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य का निर्माण लंबे आंदोलन, त्याग और बलिदान के बाद संभव हुआ। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन जैसे महान व्यक्तित्वों ने इस संघर्ष को दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर राज्य के भविष्य के लिए काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को राज्य के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़ और नदियां जीवन का आधार हैं। इनकी सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा ने लंबे समय तक देश और दुनिया की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी। इसके बावजूद राज्य के आदिवासी और मूलवासी समुदाय विकास के कई अवसरों से वंचित रहे। अब इस स्थिति को बदलने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के बराबर खड़ा करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि राज्य में संसाधनों और संभावनाओं की कमी नहीं है। खेल, शिक्षा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में युवाओं के पास आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। सरकार युवाओं को बेहतर दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को भी राज्य के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। इस सहायता से महिलाएं छोटे कारोबार शुरू कर रही हैं और अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। स्थापना दिवस पखवाड़ा में विभिन्न जिलों से आई महिला समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की। दिल्ली ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ाने के लिए जीआई टैगिंग और ऑनलाइन बिक्री की व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाएं बनाते समय सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति, गरीबी और शिक्षा के स्तर को ध्यान में रखती है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन दिया जाएगा। इससे छात्र अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के विस्तार और सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास भी जारी हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) प्रदान किया गया। बेहतर कार्य करने वाले सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मान मिला। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप दिए गए। कार्यक्रम में ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ पुस्तिका का विमोचन किया गया। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। समारोह में मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button