गांधी के ‘गोले’ और स्मृति का ‘रौद्र रूप’, जानें आज कौन पड़ गया भारी
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दूसरे दिन ‘गोले’ भी छूटे, रौद्र रूप भी दिखा और फ्लाइंग भी उछल गया। राहुल गांधी के जिस भाषण का सत्ता पक्ष कल बेसब्री से इंतजार कर रहा था, वह आज हुआ। राहुल ने माफी मांगने के तंज के साथ अपना भाषण शुरू किया और फिर मोदी सरकार की तरफ मणिपुर में ‘भारत माता की हत्या’ का ऐसा गोला छोड़ा कि बवाल ही हो गया। इस शब्द पर सदन में भारी हंगामा बरपा। सरकार की तरफ से मोर्चा संभाला किरण रिजिजू और स्मृति इरानी ने। दरअसल रणनीति के तहत बीजेपी ने दोनों मंत्रियों की फिल्डिंग सजाई थी। राहुल को अमेठी तक चुनौती देने वालीं स्मृति ने इस शब्द पर भारी आपत्ति जताते हुए इसे देश का अपमान बताया। इसके बाद चर्चा में एक और विवाद तब जुड़ गया जब स्मृति इरानी ने कहा कि राहुल ने सदन से जाते-जाते महिला सांसदों की तरफ फ्लाइंग किस उछाला है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अपना भाषण देंगे। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान, बुधवार को किसने क्या कहा, देखिए हर अपडेट।
राहुल के बयान पर स्मृति ने खूब सुनाया
राहुल गांधी ने अपने भाषण में ‘भारत के कत्ल’ की बात कही तो बीजेपी के सांसद भड़क गए। पहले किरेन रिजीजू और फिर स्मृति इरानी ने जमकर हमला बोला। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा, ‘आप इंडिया नहीं है। आप वंशवादी हैं। वंशवादी भारत छोड़ो! …पहली बार राष्ट्र के इतिहास में भारत मां की हत्या की बात की और कांग्रेस पार्टी तालियां बजाती रही। जो भारत की हत्या की बात कर कांग्रेस पार्टी ने ताली पीटी है। इस बात का संकेत पूरे देश को दिया कि मन में गद्दारी किसकी है। मणिपुर खंडित नहीं है। विभाजित नहीं है। मणिपुर देश में है। इन्हीं के सहयोगी हैं जिन्होंने कहा था कि भारत का मतलब केवल उत्तर भारत नहीं है। राहुल गांधी में हिम्मत है तो इसका खंडन करें।’
स्मृति के भाषण की बड़ी बातें
1- आपके आसन पर जिस प्रकार का आक्रामक बर्ताव देखा गया, उसका मैं खंडन करती हूं। पहली बार राष्ट्र के इतिहास में भारत मां की हत्या की बात की गई और कांग्रेस पार्टी यहां पर तालियां बजाती रही।
2- भारत की हत्या की बात पर कांग्रेस पार्टी ने ताली पीटी आज इस सदन में। इस बात का संकेत पूरे देश को दिया कि मन में गद्दारी किसके है।
3-मैं आज हिंदुस्तानी होने के नाते कहती हूं कि मणिपुर खंडित नहीं है। विभाजित नहीं है। मेरे देश का अंग है।
4- मैं इनसे पूछती हूं कि इन्हीं के अलायंस के सदस्य बैठे हैं, जिन्होंने कहा कि भारत का मतलब मात्र उत्तर भारत है। अगर हिम्मत हो राहुल गांधी में तो आकर ऐसा कटाक्ष करने वाले डीएमके के अपने साथी का खंडन करें।
5- एक बात पर मैं आपत्ति जाहिर करना चाहती हूं। जिनको आज मुझसे पहले बोलने का अधिकार दिया गया। उन्होंने जाते-जाते एक स्त्री विरोधी लक्षण के दर्शन दिए। यह कोई स्त्री विरोधी शख्स ही महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसा गरिमाहीन आचरण को सदन में कभी नहीं देखा गया। यह उस खानदान के लक्षण हैं।




