World

इस बार पाकिस्तान की जगह पोलैंड से भारत आ गई प्यार में बंधी महिला, साथ में बच्चा भी लाई… सीमा हैदर जैसा एक और मामला

पाकिस्तान से अपना प्यार पाने भारत आई सीमा हैदर और सचिन की तरह एक और ‘लव स्टोरी’ सामने आई हैं। इस बार पोलैंड की एक महिला इंस्टाग्राम पर झारखंड के एक युवक के साथ चैटिंग करते हुए उससे प्रेम कर बैठी। महिला इस कदर मोहब्बत कर बैठी कि वो अपनी छह साल की बेटी के साथ सात समंदर पार उसके घर पहुंच गई है। महिला का नाम पोलाक बारबरा है, जो इन दिनों हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत खुटरा गांव में अपने प्रेमी मो. शादाब के घर में रह रही है। बारबरा और शादाब दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। बारबरा का अपने पति से तलाक हो चुका है। वह चाहती हैं कि शादाब उससे शादी कर उसके साथ पोलैंड में सेटल हो जाए।

महिला की उम्र 45 वर्ष और प्रेमी 35 साल का

बारबरा की उम्र 45 वर्ष है जबकि उसका प्रेमी शादाब 35 साल का है। इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती 2021 में हुई थी। चैटिंग करते हुए दोनों एक-दूसरे से मोहब्बत करने लगे। बारबरा ने भारत आने के लिए वीजा अप्लाई किया। लंबी प्रक्रिया के बाद कुछ दिनों पहले वीजा मिलते ही वह हजारीबाग पहुंची। कुछ रोज होटल में रहने के बाद वह पिछले पांच दिनों से शादाब के गांव में उसके घर में रह रही है।

गर्मी से परेशान महिला के लिए दो एसी की व्यवस्था

हालांकि, गांव पहुंचते ही उसे गर्मी ने इस कदर परेशान किया कि शादाब को दो एसी लगाना पड़ा। विदेशी मेहमान के लिए एक नया कलर टीवी भी लगाया गया है।

घरेलू कामकाज में भी बंटा रही हैं हाथ

खास बात यह है कि शादाब की प्रेमिका उसके घर में घरेलू कामकाज में हाथ भी बंटा रही हैं। वह गाय का गोबर और कचड़ा भी साफ कर रही है। बारबरा को देखने के लिए उसके घर पर रोज सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं। इससे वह परेशान हो उठी है। वह कहती हैं कि हिन्दुस्तान उसे बेहद खूबसूरत देश लगा है। यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं, लेकिन जब लोग दिन भर हमें घेरे रहते हैं तो परेशान हो जा रही हूं।

पुलिस टीम को महिला ने वीजा दिखाया

विदेशी महिला के गांव पहुंचने की खबर पाकर हजारीबाग मुख्यालय के डीएसपी राजीव कुमार और इलाके के दारोगा अभिषेक कुमार ने खुटरा पहुंचकर बारबरा से बातचीत की। उसने पुलिस अधिकारियों को अपना वीजा दिखाया।

पोलैंड में महिला के पास बंगला-गाड़ी सबकुछ

बारबरा ने कहा कि वह अगले कुछ दिनों में अपने देश लौट जाएंगी। उनकी कोशिश होगी कि शादाब को पोलैंड का वीजा दिलवा सकें। बारबरा वहां नौकरी करती हैं। उनके पास बंगला-गाड़ी सब कुछ है।

करियर की तलाश में शादाब पोलैंड जाने को तैयार

शादाब ने हार्डवेयर नेटवर्किंग में डिप्लोमा हासिल किया है। वह कहता है कि करियर की तलाश में वह पोलैंड जाना चाहता है। उसकी भी इच्छा है कि बारबरा के साथ उसकी शादी हो जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button