World

सीना चौड़ा करके तैयार हूं… अधीर ने ऐसा क्या कहा, लोकसभा में बरसे राजनाथ सिंह

लोकसभा में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशन पर बोलने के लिए खड़े हुए तो एक समय ऐसा आया कि अधीर रंजन चौधरी से उनकी नोकझोंक हो गई। दरअसल, राजनाथ तमाम सुरक्षा पहलुओं की चर्चा कर रहे थे तभी कांग्रेस सांसद अधीर ने उन्हें रोकते हुए पूछ लिया कि चीन पर चर्चा करने की हिम्मत है? इस पर राजनाथ पहले मुस्कुराए फिर कहा कि हां, हिम्मत है। राजनाथ ने हाथ के इशारे से कहा कि पूरी हिम्मत है, पूरी हिम्मत है…। उस समय अधीर रंजन चौधरी खड़े हो गए थे। कई विपक्षी सदस्यों ने सवाल करना शुरू कर दिया। कई सदस्यों ने कहा कि चीन ने हमारी सीमा में कितना कब्जा किया? कुछ पल खामोश रहने के बाद राजनाथ ने कहा कि अधीर रंजन जी, इतिहास में मत ले जाओ। मैं चर्चा करने को तैयार हूं और सीना चौड़ा करके मैं चर्चा करने के लिए तैयार हूं। इस पर सत्तापक्ष के सदस्य मेज थपथपाने लगे।

दरअसल, रक्षा मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत चंद्रयान-3 की कामयाबी पर इसरो को बधाई देने के साथ की। उन्होंने कहा कि हमारे प्राचीन ग्रंथों में भी विज्ञान और विज्ञान से युक्त विचार मिलेंगे। इस दौरान कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने उन्हें टोका भी हालांकि राजनाथ अपनी बात कहते रहे। उन्होंने कहा कि अगर आप वैज्ञानिक की तरह सोचते हैं तो मूर्ति पूजा कैसे कर सकते हैं, यह कहने वाले भी हमारे देश में हैं। संस्कृत का विरोध करना अब प्रगतिवाद का सूचक हो गया है। पूछा जाने लगा है कि भारतीय संस्कृति और विज्ञान का भला आपस में क्या लेना देना है। विपक्ष के कुछ मित्र यह भी कहते हैं कि भारतीय संस्कृति और विज्ञान एक साथ चल ही नहीं सकते हैं।

कुछ देर बाद राजनाथ ने बताया कि सरकार किस तरह संस्कृति और परंपरा से जुड़ी चीजों को सुरक्षित करने की कोशिश कर रही है। इसी दौरान उन्होंने सुरक्षा का जिक्र कर दिया फिर क्या था अधीर रंजन चौधरी ने तल्ख स्वर में कहा कि चीन के बारे में चर्चा करने की आपमें हिम्मत है? राजनाथ ने कहा कि सीना चौड़ा करके चर्चा करने के लिए तैयार हूं। आगे अपनी बात पूरी करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आप सभी राष्ट्र के उपयुक्त विकास के लिए अनेक प्रकार की सुरक्षा से अवगत होंगे। सीमा सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण सुरक्षा के बारे में हम समय-समय पर चर्चा करते रहे हैं। आगे उन्होंने कल्चर सुरक्षा की बात की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button