World

शशि थरूर ने बताया नया हथियार, राहुल गांधी अब ‘भारत’ से करेंगे भाजपा पर वार

देश में इंडिया बनाम भारत पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में मचे घमासान के बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक नया दांव चल दिया है। तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने अब विपक्षी गठबंधन का नाम BHARAT करने की सलाह दे दी है। कांग्रेस सांसद ने साथ ही बीजेपी पर तंज भी कस दिया है। अभी तक I.N.D.I.A. के जरिए बीजेपी पर हमला बोल रहा विपक्ष अब भारत के हथियार से भाजपा को घेरने की तैयारी में जुट गया है। गौरतलब है कि जी-20 के डिनर के लिए निमंत्रण कार्ड पर प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखे जाने के बाद विपक्ष ने सत्तारूढ़ दल को निशाने पर ले रखा है।

थरूर ने ट्वीट कर कहा कि हम अब खुद को अब Alliance for Betterment (प्रगति), Harmony (सौहार्द्र) And Responsible Advancement for Tomorrow (कल के विकास या तरक्की वाला) (BHARAT) के नाम से पुकार सकते हैं। इस तरीके से शायद हम सत्तारूढ़ पार्टी को नाम बदलने की मूर्खतापूर्ण खेल से रोक सकेंगे।

अगर विपक्ष थरूर के सुझाव को मान लेता है तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंडिया की जगह अब भारत के जरिए भाजपा पर वार करते नजर आ सकते हैं। केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से 5 दिनों के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। माना जा रहा है कि इस सत्र के दौरान सत्तारूढ़ देश का नाम इंडिया की जगह भारत करने का प्रस्ताव ला सकती है। हालांकि केंद्र सरकार ने सत्र का एजेंडा नहीं बताया है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने आज केंद्र से संसद सत्र का एजेंडा बताने का आग्रह करते हुए पत्र लिखा है। सोनिया ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि विपक्षी दल सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है बशर्ते विपक्ष को भी विश्वास में लिया जाए। नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने भी नाम बदलने को लेकर केंद्र को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि हम खुद ही नाम बदल लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button