World

इटली की वो ‘अदृश्य’ पनडुब्बी, जिस पर कतर में मचा है बवाल, भारत के पूर्व नौसैनिकों को सुनाई मौत की सजा

कतर की एक अदालत ने जासूसी के एक कथित मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा सुनाई है। भारत ने इस फैसले को बेहद चौंकाने वाला बताते हुए सभी कानूनी विकल्पों को तलाशने की बात कही है। ये भारतीय कर्मचारी दोहा स्थित दहरा ग्लोबल नाम की कंपनी में काम करते थे। इन्हें कतरी अथॉरिटी ने अगस्त 2022 में हिरासत में ले लिया था। कतरी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों के खिलाफ आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, ये भारतीय कर्मचारी इटली में बनी छोटी स्टील्थ पनडुब्बियों U2I2 के कतरी नौसेना में इंडक्शन की प्रक्रिया पर काम कर रहे थे। कतर का आरोप है कि इन भारतीय कर्मियों ने इजरायल को इस पनडुब्बी से जुड़ी गुप्त सूचनाएं मुहैया कराई हैं।

U2I2 submarine

U2I2 पनडुब्बी को कितना जानते हैं आप

U2I2 पनडु्ब्बी को इटली की कंपनी फिनकैंटिएरी ने विकसित और निर्मित किया है। यह पनडुब्बी पारंपरिक पनडुब्बियों के मुकाबले काफी छोटी और स्टील्थ तकनीक से लैस है। इस तरह की दो पनडुब्बियों का आर्डर इतालवी नौसेना पहले ही दे चुकी है। अभी चंद महीने पहले ही इटली की संसद ने फिनकैंटिएरी को तीसरी U2I2 पनडुब्बी के निर्माण की मंजूरी दी है। इन पनडुब्बियों की डिलीवरी 2027 से शुरू होने की उम्मीद है। फिनकैंटिएरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पियरोबर्टो फोल्गिरो के अनुसार, U2I2 पनडुब्बी एक अद्वितीय रणनीतिक हथियार है। उन्होंने बताया कि इस पनडुब्बी की डिजाइन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिन्हें जिन्हें नौसेना की आवश्यकताओं के अनुसार फिनकैंटिएरी ने स्वतंत्र रूप से विकसित किया है।

उथले पानी मे भी ऑपरेट कर सकती है U2I2 पनडुब्बी

U2I2 पनडुब्बी उथले पानी के भीतर भी निगरानी करने में माहिर है। जरूरत पड़ने पर यह पनडुब्बी छोटी दूरी की मिसाइलों और टॉरपीडो से हमला करने में भी सक्षम है। इस पनडुब्बी के ऊपर विशेष पदार्थ की कोटिंग की गई है, जिससे दुश्मनों की रडार इसे आसानी से डिटेक्ट नहीं कर पाती है। आकार में छोटी होने के कारण यह पनडुब्बी बाकी प्रतिद्वंदियों के मुकाबले तेज रफ्तार से चल सकती है। इसके अलावा इस पनडुब्बी में खास तरह के सेंसर्स लगे हुए हैं, जो 200 मीटर की गहराई से समुद्र की सतह पर होने वाले छोटे से छोटे हलचल का पता लगा सकते हैं। U2I2 पनडुब्बी समुद्र के अलावा नदियों में भी ऑपरेट करने में सक्षम है।

कौन-कौन से मिशन को अंजाम दे सकती है U2I2 पनडुब्बी

फिनकैंटिएरी के अनुसार, U2I2 पनडुब्बी पूरी तरह से सैन्य मिशन से लेकर नेविगेशन की स्वतंत्रता, समुद्री डकैती विरोधी, ऊर्जा आपूर्ति मार्गों को सुरक्षित रखने, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन, आतंकवाद से लड़ना, बाहरी सीमाओं की रक्षा करना आदि से संबंधित ऑपरेशन को अंजाम देने में सक्षम है। इसके अलावा यह समुद्र तट के नजदीक और पानी के नीचे के बुनियादी ढांचे सहित समुद्री सीमाओं की सुरक्षा करने और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को संरक्षित करने में भी सक्षम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button