CrimeJharkhand

नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता:झारखंड में सक्रिय माओवादियों का सेंट्रल कमेटी सदस्य रंजीत बोस सहयोगी संग गुवाहाटी में गिरफ्तार, लोहरदगा में मिले हथियार

नक्सल विरोधी अभियान में लगे सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। एक तरफ जहां झारखंड पुलिस की सूचना पर राज्य में सक्रिय माओवादियों के सेंट्रल कमेटी के सदस्य अरुण कुमार भट्टाचार्य उर्फ रंजीत बोस उर्फ कंचन प्रसाद उर्फ कांचा उर्फ सुमन अपने एक सहयोगी के साथ गुवाहाटी के कचार जिला से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं लोहरदगा के सुदूरवर्ती जोबांग और पेशरार थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से बड़े पैमाने पर हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। एक साथ मिली दोहरी सफलता से सुरक्षा बलों का उत्साह चरम पर है।

इनामी महाराज प्रमाणिक ने दी सूचना
माओवादियों के सेंट्रल कमेटी के सदस्य अरुण कुमार भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल के हावड़ा का रहने वाला है। इसकी निशानदेही पर एके-47 रायफल भी बरामद हुआ है। यह लंबे समय तक लातेहार के अलावा सरायकेला, खूंटी और चाईबासा के सीमा पर सक्रिय था। सूत्र दावा कर रहे हैं कि पिछले दिनों रांची में आत्मसमर्पण करने वाले 10 लाख के इनामी महाराज प्रमाणिक ने झारखंड पुलिस को उसका फोटो उपलब्ध कराई। इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी थी। झारखंड पुलिस की छानबीन में यह जानकारी मिली थी कि 6 महीने पहले वह गुवाहाटी चला गया था और वहां माओवादियों का ब्यूरो प्रमुख बनाया गया था। महाराज प्रमाणिक से मिली तस्वीर को झारखंड पुलिस में गुवाहाटी पुलिस को उपलब्ध कराया था। इसके बाद ही गुवाहाटी पुलिस में उसे कचार जिला से गिरफ्तार कर लिया है।

झारखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूर्व में कंचन एक बार जेल जा चुका है। अगर वह जेल नहीं गया होता तो उसके ऊपर भी एक करोड़ रुपये का इनाम रखा गया होता। हालांकि अभी अगर उसकी गिरफ्तारी नहीं होती तो कुछ दिनों के बाद झारखंड पुलिस उसके खिलाफ भी एक करोड़ रुपये के इनाम का प्रस्ताव रखने वाली थी।

बालक गंझू की निशानदेही पर मिले हथियार
भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली बालक गंझू की निशानदेही पर लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती बाड़ी और पेशरार थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों के हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि बालक गंझू द्वारा IED छिपाने को लेकर बताए गए स्थान पर कुछ भी बरामद नहीं हुआ। वहां से कुछ समय पहले ही IED को निकाल लिया गया था। जिसकी वजह से IED के स्थान पर सिर्फ गड्ढा ही मिला। पुलिस ने नक्सलियों के षड्यंत्र और उनकी योजनाओं के बारे में जानकारी लेने को लेकर बालक गंझू को रिमांड पर लिया है।

जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इसी क्रम में बालक गंझू ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी है। पुलिस ने बालक गंझू की निशानदेही पर 303 का रेगुलर रायफल, 303 बोर की जिंदा गोली 95, कार्बाइन मशीनगन, 9 एमएम बोर की जिंदा गोली 97, कार्बाइन का मैगजीन 2, चार्जर 12, टिफिन केन 150, प्लास्टिक डिब्बा बरामद किया है।

Source : Dainik Bhaskar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button