मेरा है, ना मेरा है… मोदी सरकार ने पेश किया महिला आरक्षण विधेयक तो कांग्रेस ने कर दी दावेदारी, जानिए क्या है सच्चाई
नारी तू नारायणी- यह भारतीय मानस का मूल भाव है। आज उसी नारी शक्ति को देश की नई संसद ने अपने पहले विधायी कार्य के जरिए नमन किया है। जी हां, लोकसभा में नारी शक्ति वंदन विधेयक पेश कर दिया गया। राजनीति में महिला आरक्षण की दशकों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का यह कदम अपने आप में ऐतिहासिक है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी का दावा है कि आज जो महिला आरक्षण विधेयक पेश किया गया, उसके मूल में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का विजन है। सोनिया गांधी से लेकर तमाम कांग्रेसी इस महिला आरक्षण विधेयक को ‘अपना’ बता रहे हैं। लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी जबकि राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि 2010 में मनमोहन सिंह सरकार ने राज्यसभा से महिला आरक्षण विधेयक पास करवाया था जो आज भी जीवित है। वहीं, सत्ता पक्ष ने इस दावे को खारिज कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने राजीव गांधी के वक्त लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने के दावे का अधीर रंजन चौधरी से प्रमाण मांग लिया। आइए जानते हैं महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच श्रेय लेने की होड़ में किसने क्या कहा है।
सोनिया गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक पर कहा- अपना है
आज जब सभी सांसद पुराने संसद भवन से विदाई लेने जा रहे थे तभी प्रवेश द्वार पर पत्रकारों ने सोनिया गांधी से महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सवाल किया। इस सवाल पर सोनिया गांधी ने कहा, ‘इट्स आवर्स, अपना है।’
कांग्रेस पार्टी का दावा- राजीव गांधी का विजन
वहीं, कांग्रेस के एक्स हैंडल पर लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी का भाषण पोस्ट किया गया है। इस पोस्ट में महिला आरक्षण विधेयक का श्रेय लिए जाने की मंशा साफ-साफ दिख रही है।
सैम पित्रोदा ने भी बताया- राजीव ने देखा था सपना
उधर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खासमखास सैम पित्रौदा ने भी एक एक्स पोस्ट में कहा कि राजीव गांधी का सपना आज पूरा हो रहा है। उन्होंने लिखा, ‘महिला सशक्तीकरण का राजीव गांधी का विजन आखिरकार सच साबित हो रहा है। सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने संसद में और सार्वजनिक तौर पर इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा की, बहस-मुबाहिसों में भाग लिया और इसका मसौदा तैयार किया जिसे आज स्थान मिल गया है। बधाइयां।’
कांग्रेस विधायक ने दिखाया राहुल गांधी का पुराना पोस्ट
उधर, गुजरात के वडगाम से कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवानी ने भी राहुल गांधी के एक पुराने पोस्ट को रीपोस्ट किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तो बहुत पहले यह कहा था। मेवानी ने #WomenReservationBill के साथ लिखा, ‘इसका लंबे समय से इंतजार था। अगर यह होता है हम सबको इसका खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए।’



