World

पहली पत्नी से विवाद, दूसरी को पीटा, संदीप महेश्वरी के खिलाफ शुरू किया वीडियो वॉर

उत्तर प्रदेश के नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। यह केस उनकी दूसरी पत्नी के भाई की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इस शिकायत में मोटिवेशनल स्पीकर के चमक- दमक वाले चेहरे के पीछे का पहलू सामने आया है। आरोप है कि विवेक बिंद्रा ने पत्नी यानिका को कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा। यानिका को कमरे में बंद कर गाली- गलौच की। उसके बाल खींचे। चेहरा नोचा। मोबाइल तोड़ दिया। पिटाई से यानिका के कान का पर्दा फट गया। विवेक बिंद्रा के खिलाफ नोएडा में एफआईआर दर्ज कराया गया है। एफआईआर के मुताबिक, 6 दिसंबर को विवेक बिंद्रा की यानिका से शादी हुई थी। मारपीट की घटना 8 दिसंबर की बताई जा रही है। इसके बाद यानिका को दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यानिका के भाई वैभव क्वात्रा ने विवेक के खिलाफ 14 दिसंबर को सेक्टर- 126 थाने में केस दर्ज कराया। हालांकि, यह मामला शुक्रवार की शाम सामने आया। इसके साथ ही विवेक बिंद्रा का वीडियो भी सामने आया है, इसमें वह सोसायटी के गेट पर पत्नी के साथ नोकझोंक करते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आते ही वायरल होने लगा। विवेक बिंद्रा एक बड़े बिजनेस के सीईओ हैं। उनकी कंपनी का नाम बड़ा बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड है। यह कंपनी लोगों को इंटरप्रेन्योरशिप और व्यापारिक लोगों को ट्रेनिंग और सलाह देती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कंपनी का टर्नओवर करीब 50 करोड़ का है। ऑफिशियल डेटा अब तक सामने नहीं आ पाया है। उनके यूट्यूब पर 21.4 मिलियन यानी करीब दो करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं।

क्या है पूरा विवाद?

विवेक बिंद्रा पर गंभीर आरोप लगा है। दरअसल, मां से बहस करने से रोकने पर पत्नी को पीटने का आरोप मोटिवेशनल स्पीकर पर लगा है। गाजियाबाद के चंदर नगर के रहने वाले वैभव क्वात्रा ने विवेक बिंद्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने अपने बहनोई विवेक बिंद्रा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वैभव ने दर्ज कराए गए एफआईआर में आरोप लगाया है कि मेरी बहन यानिका की शादी 6 दिसंबर को विवेक बिंद्रा के साथ ललित मानगर होटल में हुई थी। विवेक इस समय नोएडा के सेक्टर- 94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रहते हैं। शादी के दो दिन बाद 8 दिसंबर की सुबह 3:00 बजे विवेक अपनी मां प्रभा से किसी बहस कर रहे थे। पत्नी यानिका दोनों के बीच आ गई। यानिका ने बीच- बचाव की कोशिश की। पति विवेक को समझाना शुरू किया। इस पर विवेक पत्नी पर भड़क गए।

एफआईआर के अनुसार, विवेक ने पत्नी यानिका को कमरे में बंद कर दिया। उसके साथ गाली- गलौच की। उसके साथ मारपीट की। उसका मोबाइल तोड़ दिया। विवेक ने यानिका के बाल नोच लिए। एफआईआर में कहा गया है कि विवेक ने यानिका की ऐसी पिटाई की, जिससे उसके पूरे शरीर पर घाव हो गया। वैभव ने शिकायत में कहा है कि यानिका के सिर में घाव की वजह से उसे चक्कर आ रहा है। कान से सुनाई नहीं दे रहा है। इलाज के लिए कड़कड़डूमा स्थित कैलाश दीपक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वैभव ने अपनी शिकायत में कहा है कि गंभीर स्थिति में यानिका ने अपनी बहन को फोन किया। उसे अपनी स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद वैभव अपनी बहन के साथ यानिका के घर पहुंचे। उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे लेकर अस्पताल गए। वहां उसे भर्ती कराया गया। अस्पताल में लगातार उसका इलाज चल रहा है। वैभव ने कहा कि मेरी बहन इस मारपीट की घटना से पूरी तरह टूट चुकी है। वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। किसी से भी अधिक बातचीत नहीं कर रही है।

पहली पत्नी से भी कोर्ट में चल रहा मामला

विवेक बिंद्रा मोटिवेशनल स्पीच और सलाहों से कंपनियों को खड़ी करने की सलाह तो देते हैं, लेकिन अपने परिवार को खड़ा करने में वे कामयाब नहीं रहे हैं। उनकी पहली पत्नी गीतिका सबरवाल से भी उनका विवाद चल रहा है। दोनों के बीच का विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। फरीदाबाद के ओमेक्स हाईट्स सोसायटी में रहने वाली गीतिका बिंद्रा ने फरीदाबाद सेंट्रल थाना में पति के विवाद के बाद शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में कहा गया था कि पति विवेक बिंद्रा के साथ उनका कई सालों से विवाद चल रहा है। गीतिका ने विवेक से खुद की जान को खतरा बताया था। कोर्ट में उनके बीच तलाक का केस चल रहा है, इस केस में उन्होंने विवेक बिंद्रा से गुजारा- भत्ता की भी मांग की है। उन दोनों का एक बेटा भी है। पहली पत्नी से विवाद के बाद विवेक ने यानिका से दूसरी शादी की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button