जो खेलेगा वही खिलेगा, पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में किया क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर वाराणसी पहुंचे। पीएम मोदी ने गंजारी में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक बार फिर वाराणसी आने का मौका मिला है। यहां आने का जो आनंद है, वह कहीं नहीं। अपने भाषण की भोजपुरी में शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से खुद को जोड़ा। साथ ही, हर-हर महादेव के जयघोष से कार्यक्रम की शुरुआत की। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ एक खुली जीप में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। कार्यक्रम के मंच पर पीएम के साथ-साथ सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर, गुंडप्पा विश्वनाथ, रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर, मदन लाल, करसन घावरी, गोपाल शर्मा जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी रहे। पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर शिव की नगरी सज-धजकर तैयार है। कार्यकर्ताओं में अलग ही उत्साह देखने को मिला। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी वाराणसी को 1565 करोड़ की सौगात दी।
वाराणसी में आएगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
पीएम नरेंद्र मोदी ने क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करते हुए कहा कि वाराणसी में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आएगी। क्रिकेट स्टेडियम इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि देश में क्रिकेट का माहौल बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर क्रिकेट खेलने वाले देशों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में क्रिकेट मैचों की संख्या बढ़ेगी।इसके आयोजनों के लिए स्टेडियमों की संख्या की वृद्धि करनी होगी। वाराणसी में जल्द ही क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में स्थिति बदली है। पहले युवा इस क्षेत्र के प्रति गंभीर थे। अब माता-पिता की सोच भी बदली है। उन्होंने कहा कि लोगों ने माना है कि जो खेलेगा, वही खिलेगा। पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के शहडोल का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि वहां पर हर घर के बच्चे फुटबॉल खेलते हैं। हमें बताया गया कि फुटबॉल के प्रति जुनून के कारण उसे मिनी ब्राजील कहा जाता है। आने वाले समय में यह क्षेत्र क्रिकेट की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
राजनारायण को किया याद
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजनारायण को भी याद किया। लोकसभा चुनाव से पहले राजनारायण को याद कर पीएम ने बड़ा संदेश देने की कोशिश की। राजनारायण ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को चुनावी मैदान में मात दी थी। राजनारायण को लोकबंधु के नाम से भी जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले अपने वाराणसी दौरे के बारे में ट्वीट किया । उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आज होने जा रहे इन कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर बहुत उत्सुक हूं। इन परियोजनाओं से वाराणसी के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में और तेजी आएगी। आज दोपहर करीब 1:30 बजे वाराणसी में एक भव्य अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखने के साथ ही 16 अटल आवासीय विद्यालयों के उद्घाटन का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसके अलावा काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह का भी हिस्सा बनूंगा।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे वाराणसी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं। इस दौरान पीएम मोदी के आगमन को लेकर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि काशी को आज हजारों करोड़ की सौगात मिलेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मांग पूरी करने का काम मोदी जी ने किया है। प्रदेश में विकास की धारा बहुत तेजी से बह रही है। पीएम एक बड़े अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। यह क्षेत्र के युवाओं की उम्मीदों को पंख लगाने में कामयाब होगा।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह पहुंचे
पीएम नरेंद्र मोदी के क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन से पहले बीसीसीआई के सचिव जय शाह वाराणसी पहुंचे। उनके साथ कपिल देव और रोजर बिन्नी भी आए हैं। वाराणसी पहुंचने के बाद बीसीसीआई सचिव काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की। वाराणसी में आधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास आज होना है।
दिग्गजों का वाराणसी आगमन
क्रिकेट के मैदान के दिग्गजों का वाराणसी आगमन शुरू हो गया है। मशहूर कमेंट्रेटर, ऑलराउंडर और भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने अपने ही अंदाज में उनका परिचय कराया। रवि शास्त्री ने एक्स पर लिखा कि वाराणसी आना सुखद अनुभव है। मुंबई और भारत के महान व्यक्तियों और साथ में रहकर फील्ड पर बेहतर करने वालों के साथ रहना बहुत अच्छा लग रहा है। हमने कुछ अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं और विकेट लिए हैं। यह तस्वीर जीवन की खुशियों को प्रदर्शित करने वाली है। इस तस्वीर में रवि शास्त्री के साथ सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और दिलीप बेंगसरकर जैसे खिलाड़ी दिख रहे हैं।




