झारखंड राजद करेगा ‘इंडिया गठबंधन’ में सम्मानजनक समझौता, सीट संख्या पर चुप रहे जयप्रकाश नारायण – झारखंड विधानसभा चुनाव 2024

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रदेश राजद सम्मानजनक समझौते के साथ ‘इंडिया गठबंधन’ में रहकर चुनाव लड़ेगा। यह बात झारखंड राजद प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कही। हालांकि, वह इस सवाल को टाल गए कि राजद कितनी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने सीटों की सूची दी है, जिसे पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तक पहुंचाना उनका काम है।
प्रदेश राजद नेताओं ने 22 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए रिपोर्ट दी है। जब सीटों की संख्या पर सवाल किया गया तो प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि सम्मानजनक समझौते में बहुत कुछ होता है। वहीं, प्रभारी ने कहा कि इसका अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या झारखंड में भाजपा को हराने के लिए राजद अपनी कुर्बानी देता रहेगा, फिर भी उन्होंने सीट संख्या पर कुछ स्पष्ट नहीं कहा और इस सवाल को टाल गए कि झारखंड में राजद किन-किन विधानसभा सीटों पर मजबूत स्थिति में है।
राजद प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने इस दौरान भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का ग्राफ अब गिरने लगा है। लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का नारा दिया गया था, लेकिन पार्टी की स्थिति अब कहां पहुंच गई है। उनकी पहली प्राथमिकता भाजपा को हराना है। यादव ने बताया कि वह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुझाव लेने और संवाद करने आए थे, और उन सभी सुझावों और भावनाओं को पार्टी सुप्रीमो तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही पलामू में पार्टी का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और राजद ने महागठबंधन बनाया था, जिसमें झामुमो को 43, कांग्रेस को 31 और राजद को 7 सीटें मिली थीं। इस बार गठबंधन में भाकपा (माले) भी शामिल है, जिससे सीटों की संख्या में बदलाव संभावित है।



