केसी वेणुगोपाल से मिले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, वन नेशन-वन इलेक्शन को बताया डरे हुए प्रधानमंत्री का फैसला

रांची. झारखंड सरकार समन्वय समिति के सदस्य और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आज दिल्ली में एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। जम्मू कश्मीर में चुनाव प्रचार के बाद दिल्ली लौटे राजेश ठाकुर ने केसी वेणुगोपाल के साथ जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव पर चर्चा की और कांग्रेस की स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
राजेश ठाकुर ने जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के प्रति सकारात्मक माहौल की जानकारी दी और उम्मीद जताई कि राज्य में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ का विरोध करते हुए एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। भाजपा नेताओं को हार का डर है, इसलिए वे चुनावी सुधार के नाम पर वन नेशन वन इलेक्शन की बात कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और आगामी चुनाव में पार्टी को 2019 से भी अधिक सीटें मिलेंगी।



