सैन्य छावनी मैदान में सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी.
रांची: राजधानी रांची में 19 और 20 अप्रैल को होने वाले सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए हैं। यह शो शहर के सैन्य छावनी मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए रांची उपायुक्त कार्यालय ने विशेष निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शो के दोनों दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक छावनी क्षेत्र के आसपास कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। खासकर बड़ी और भारी वाहनों का प्रवेश इस दौरान पूरी तरह वर्जित रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध:
छावनी मैदान के आसपास स्थित पुरुलिया रोड, निवारणपुर रोड, लालपुर चौक से बूटी मोड़ की ओर जाने वाली सड़कों पर आंशिक या पूर्ण ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था:
कार्यक्रम में आम जनता के लिए सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति है। इसके लिए पास या विशेष निमंत्रण पत्र अनिवार्य होगा। पार्किंग के लिए सेना द्वारा निर्धारित स्थानों पर व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक लोगों को शटल सेवा के माध्यम से लाया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:
एयर शो के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, सेना और खुफिया एजेंसियों के जवान कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास तैनात रहेंगे। ड्रोन, लेजर लाइट और उड़ने वाले खिलौनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शो रांचीवासियों के लिए गौरव का अवसर है, और सभी को व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ देना चाहिए।



