दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के एक स्लीपर सेल का भंडाफोड़ करते हुए दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक एजेंट के पास से सेना से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गुप्त ऑपरेशन जनवरी से मार्च 2025 के बीच चलाया गया, जिसमें इन दो एजेंटों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नेपाली नागरिक भी शामिल है, जिसकी पहचान अंसारुल मियां अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अंसारी के पास से सुरक्षा बलों से संबंधित गोपनीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि अंसारी कतर में टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता था, जहां वह एक आईएसआई हैंडलर के संपर्क में आया था। बाद में उसे पाकिस्तान ले जाया गया, जहां उसे उच्च स्तरीय आईएसआई अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षित किया गया और फिर नेपाल के रास्ते दिल्ली भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में मई में चार्जशीट दाखिल कर दी है और दोनों आरोपियों को तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और उनके क्या इरादे थे।



