
Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लातेहार में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रांची में रात का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। इससे राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर से 16 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा देखने को मिल सकता है। इस दौरान सुबह के समय धुंध का प्रभाव रहने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने का अनुमान है। विभाग के पूर्वानुमान में इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की बात कही गई है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना इस पूर्वानुमान में नहीं बताई गई है।
राजधानी रांची के तापमान को लेकर भी मौसम विभाग ने अनुमान जारी किया है। 12 से 15 नवंबर के बीच यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 16 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, गुमला में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लातेहार में रात का पारा लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ऐसे में इन जिलों में ठंड का असर अधिक बना रह सकता है।



