झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को एसआइआर को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच इस मुद्दे पर काफी देर तक बहस चली। अंत में सरकार की ओर से पेश संकल्प ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में प्रस्ताव रखा था। इसमें एसआइआर की समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई। सरकार ने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। प्रस्ताव में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग भी की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन के संख्याबल के आधार पर संकल्प को मंजूरी दी। चर्चा के दौरान कई बार विधायकों के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस के मंत्री और विधायक इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखते नजर आए।
विपक्ष की ओर से बाबूलाल मरांडी, सरयू राय, चंपाई सोरेन और नवीन जायसवाल ने सरकार के तर्कों पर सवाल उठाए। भाजपा विधायकों ने निर्वाचन आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों का विरोध किया। उनका कहना था कि एसआइआर चुनाव आयोग की निर्धारित प्रक्रिया है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दा नहीं होने और पुनरीक्षण कार्य में बाधा डालने की कोशिश का आरोप लगाया। दूसरी ओर सत्तारूढ़ दलों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और राज्य निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए। सरकार ने अपने संकल्प में पश्चिम बंगाल के एसआइआर का उदाहरण पेश किया। संकल्प के मुताबिक वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। वहीं अपीलों की सुनवाई के लिए बनाए गए ट्रिब्यूनलों में 38 लाख से ज्यादा आवेदन पहुंचे थे। झारखंड सरकार को आशंका है कि राज्य में भी इसी तरह की स्थिति बन सकती है। ऐसी स्थिति में बड़ी संख्या में पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
सरकार ने अपने प्रस्ताव में स्पष्ट किया कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के विरुद्ध नहीं है। उसकी मांग है कि मौजूदा प्रक्रिया को फिलहाल रोककर सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से चर्चा की जाए। इसके बाद पारदर्शी नियमों के साथ आसान मानक संचालन प्रक्रिया बनाई जाए। संकल्प में दावा किया गया है कि झारखंड के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक लोग किसी न किसी रूप में प्रभावित हुए हैं। इनमें नाम हटाए जाने वाले और संदेहास्पद मानकर नोटिस पाने वाले मतदाता शामिल हैं। नोटिस जारी होने के 75 प्रतिशत से अधिक मामलों में माता-पिता के नाम की वर्तनी, उम्र और अन्य तार्किक विसंगतियां सामने आई हैं। सरकार ने आदिवासी बहुल राज्य की सामाजिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय के लोगों के पास जरूरी दस्तावेजों की कमी को चुनौती बताया गया। जागरूकता का अभाव भी पुनरीक्षण प्रक्रिया में परेशानी पैदा कर सकता है। संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत वयस्क मताधिकार को प्रत्येक योग्य नागरिक का अधिकार बताया गया है। सरकार का कहना है कि किसी भी तकनीकी या प्रक्रियागत समस्या के कारण किसी पात्र व्यक्ति को मतदान से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। पारित संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग और अन्य संबंधित प्राधिकारों के पास भेजने की बात कही गई है।



