हाथ की पर्ची को देखा और वसुंधरा के चेहरे की उड़ गई हवाइयां, बॉडी लैंग्वेज बयां कर रही है CM की कुर्सी और राजे का दर्द
बीजेपी ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को चौंकाने के बाद राजस्थान में भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाने के फैसले से हैरान कर दिया। सांगानेर से पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को बुधवार शाम नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। राजस्थान के नए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने की आस लगाए बैठी पूर्व सीएम वसुंधरा राजे देखती रह गईं और उनके हाथ से कुर्सी रेत की तरह निकल गई। इससे पहले पूरे दिन जमकर राजनीतिक पारा चढ़ता-उतरता रहा। दिनभर वसुंधरा पर सियासत की नजरें गढ़ी रहीं। विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भजनलाल के लिए खुद प्रस्ताव रखा। इसकी जानकारी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताई। मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने से पहले वसुंधरा राजे राजनाथ सिंह के दाई ओर बगल में बैठीं। इस बीच उनके हाथ में एक पर्ची दिखाई दी। तभी यह साफ हो गया था कि वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री नहीं बन रही हैं। वसुंधरा के हाथों में पर्ची देख कर संकेत मिल गया कि, राजस्थान को नया ही सीएम मिलेगा। इस पूरे घटनाक्रम में वसुंधरा राजे की क्या गतिविधियां रहीं, उनकी बॉडी लैंग्वेज सारी कहानी बयां कर रही है।
पर्ची देखते ही वसुंधरा के चेहरे की उड़ी हवाइयां
बीजेपी के तीनों पर्यवेक्षकों की ओर से विधायकों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के लिए मंच तैयार था। वहां पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडेय मंच पर बैठे थे। उनके साथ वसुंधरा राजे भी मंच पर पहुंचीं। इस समय सियासत वसुंधरा राजे के फेस की रीडिंग कर रही थी। वसुंधरा राजे राजनाथ सिंह के दाहिनी ओर बगल में बैठी। इस बीच राजनाथ और वसुंधरा बीच कुछ बातचीत हुई। तभी राजनाथ सिंह ने उन्हें एक पर्ची थमाई। इसके बाद साफ हो गया था कि राजस्थान में कोई नया मुख्यमंत्री बनने वाला है। राजनाथ सिंह ने वसुंधरा को पर्ची नहीं देखने का भी इशारा किया।



