एक्टर आदित्य सिंह राजपूत की रहस्यमय मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आदित्य की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हुई। लेकिन एक्टर के दोस्तों ने इन रिपोर्ट्स का खंडन किया और ऐसी खबरें फैलाने वालों को लताड़ भी लगाई। वहीं आदित्य सिंह राजपूत की करीबी दोस्त सुबुही जोशी ने भी ड्रग्स के ओवरडोज की बात को गलत बताया। साथ ही सुबुही जोशी ने दावा किया है कि आदित्य की मौत बाथरूम में गिरने की वजह से हुई थी और एक्टर के सिर में चोट के निशान थे।
मालूम हो कि 32 वर्षीय Aditya Singh Rajput की 22 मई को मौत हो गई थी। वह अपने घर के बाथरूम में मृत अवस्था में मिले थे। आदित्य की इस रहस्यमय मौत से हर कोई सकते में है। चर्चा होने लगी कि शायद एक्टर की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हुई है। लेकिन जब Subuhi Joshi ने ऐसी खबरें देखीं तो भड़क गईं।सुबुही जोशी ने ‘आजतक’ से बातचीत में बताया कि 22 मई को जिस दिन आदित्य की मौत हुई थी, उस दिन क्या हुआ था। सुबुही जोशी ने कहा 22 तारीख को उनकी आदित्य से सुबह 11 बजे बात हुई थी। दोनों रोजाना दिन में 10 बार बात करते थे। सुबुही के मुताबिक, उन्हें आदित्य की बातों से कहीं भी नहीं लगा कि उन्हें कोई परेशानी है या फिर दुखी हैं।



