भाजपा नेता अपर्णा यादव को मिली जान से मारने की धमकी, 72 घंटे में बम से उड़ाने की चेतावनी

भारतीय जनता पार्टी की नेता और मुलायम सिंह यादव की बहू, अपर्णा यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी के मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने धमकी दी है कि 72 घंटे के भीतर एके-47 से उनकी हत्या कर दी जाएगी। बुधवार को अपर्णा यादव के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसी नंबर से एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें अपर्णा को हत्या की धमकी दी गई।
इस मामले में अपर्णा यादव के पीएसओ ने गौतमपल्ली थाने में मोबाइल नंबर के आधार पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने धमकी देने वाले नंबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
अपर्णा यादव, मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक की पत्नी हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी। हालांकि, यूपी में उन्हें कोई बड़ा पद नहीं मिला है, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी लोकप्रियता जनता के बीच बढ़ी है। 2017 में अपर्णा यादव ने लखनऊ की कैंट सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी ने हराया था।



