‘अक्षय कुमार पर थूकोगे और चाटा मारोगे तो 10 लाख दूंगा’, OMG 2 देखने के बाद भड़के हिंदू संगठन ने की ये अपील
अक्षय कुमार की फिल्म ‘ओएमजी 2’ को लेकर हर तरफ चर्चा हो रही है। 11 अगस्त को रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर खूब बाते हो रही हैं। एक तरफ इसे अक्षय कुमार की सबसे बड़ी फिल्म बताई जा रही है, तो दूसरी तरफ फिल्म में कुछ सीन्स को लेकर विवाद भी हो रहा है। OMG2 ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की हो, लेकिन अमित राय की फिल्म के लिए मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।ताजा मामले में स्कूलों में यौन शिक्षा के विषय पर आधारित यह फिल्म समाज के एक वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाती नजर आ रही है। ऐसे में राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने फिल्म में भगवान शिव के दूत के किरदार के लिए Akshay Kumar को थप्पड़ मारने या थूकने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जलाए गए अक्षय कुमार के पुतले
‘द प्रिंट’ के हवाले से, इनाम की घोषणा हिंदू संगठन के अध्यक्ष गोविंद पराशर ने की थी। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आगरा में अक्षय कुमार का पुतला और फिल्म के पोस्टर भी जलाए। अक्षय कुमार ने फिल्म में भोलेनाथ के दूत की भूमिका निभाई है, जो जूतों के साथ खड़ा है, कचौड़ी खरीद रहा है और गंदे तालाब में नहा रहा है। पराशर के मुताबिक, फिल्म ‘भगवान की छवि को धूमिल करती है।’
OMG 2 को बैन करने की मांग
संगठन ने ‘ओएमजी 2’ को बैन करने की मांग करते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी। अमित राय के डायरेक्शन में बनी ‘ओएमजी 2’ तब से विवादों में है, जब से मेकर्स ने इसके पोस्टर रिलीज किए हैं और सीबीएफसी से इसकी शिकायत हुई है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया और कई कट लगाने को कहा। 1 अगस्त को, सीबीएफसी ने कुछ संशोधनों के साथ फिल्म को मंजूरी दे दी, जिसके बाद फिल्म कल यानी 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।




