JharkhandStates

रांची में चार बैंक खातों से लाखों की ठगी.

साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से उड़ाए 14.87 लाख रुपये.

राजधानी रांची में साइबर ठगी की चार घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और संदिग्ध लिंक के माध्यम से चार लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये निकाल लिए। पीड़ितों में 68 वर्षीय बुजुर्ग और 21 वर्षीय युवती भी शामिल हैं। सभी मामलों की शिकायत संबंधित साइबर अपराध प्राधिकरण के पास दर्ज कराई गई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार के खाते से 99 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उनका बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा में खाता है। बताया गया कि उनका मोबाइल लगभग दो घंटे तक बंद रहा था। फोन चालू होने के बाद खाते से पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली। अपराधियों ने चार बार में 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और चार हजार रुपये निकाल लिए। सुबोध के अनुसार, घटना से पहले किसी ने उन्हें फोन करके कोई जानकारी नहीं मांगी थी।

उन्होंने चारों ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को सौंपे हैं। नामकुम के अमेठिया नगर निवासी जय किशोर शर्मा के बैंक खाते से 7 लाख 45 हजार रुपये की ठगी हुई है। 68 वर्षीय जय किशोर का उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता है। छह नवंबर की रात उनके खाते से दो बड़े ट्रांजेक्शन किए गए। पहले 2 लाख 50 हजार रुपये और फिर 4 लाख 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। दोनों लेनदेन के मैसेज रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर आए। रकम कटने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क किया। उन्होंने खाते को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत भी दर्ज कराई। इसी तरह सिकिदिरी थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय निरासो कुमारी के साथ भी ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। जयडीहा कुसुमटोली निवासी निरासो के दो बैंक खातों से 2 लाख 48 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए।

जानकारी के मुताबिक, छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान लिंक भेजा गया था। लिंक खोलने के अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। हालांकि, उन्हें ठगी का पता काफी समय बाद 28 अक्टूबर को बैंक खाते की जांच कराने पर चला। उनके पहले खाते से 77 हजार रुपये और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये की निकासी हुई थी। इस मामले में पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उधर, कोकर के डेला टोली जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए। उनके केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को कुल 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए। अपराधियों ने पहली बार में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी बार में 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी की। घटना की जानकारी मिलने पर विजय ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। उन्होंने साइबर पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया और शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर पुलिस को दिया। इन घटनाओं के बाद ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करने वालों के लिए सतर्क रहना जरूरी है। मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं बतानी चाहिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button