World

बिहार में लाठीचार्ज पर झारखंड BJP में उबाल, बाबूलाल, अर्जुन मुंडा और रघुवर ने बताया लोकतंत्र का काला चैप्टर

पटना में विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस पिटाई से भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की मौत की घटना को लेकर झारखंड भाजपा में भी उबाल है। झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित पार्टी के कई नेताओं ने इस घटना को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया है।

झारखंड बीजेपी में उबाल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बिहार के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए ट्विटर पर लिखा है- वाह…! नीतीश बाबू शर्म तो आ नहीं रही होगी? जहानाबाद के भाजपा कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह को आपकी पुलिस ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। सांसद जनार्दन सिग्रीवाल जी गंभीर रूप से घायल हैं। दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती हैं। कभी बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने ही लालू परिवार के जंगल राज के खिलाफ संघर्ष कर आपको सीएम की कुर्सी पर पहुंचाया था। सत्ता हमेशा आपके पास नहीं रहने वाली, याद रखिएगा।

अर्जुन मुंडा ने बोला नीतीश पर हमला

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने इसे लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के कुशासन के खिलाफ भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से किये जा रहे विधानसभा मार्च पर बिहार पुलिस द्वारा क्रूरतापूर्ण तरीके से लाठीचार्ज और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर देना बताता है कि बिहार में जंगलराज है। भाजपा कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह का निधन व्यर्थ नहीं जाएगा। जनता सब देख रही है।

रघुवर दास ने भी किया ट्वीट

झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने ट्विटर पर लिखा- बिहार की निकम्मी महागठबंधन सरकार ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का महापाप किया है। उनकी गलती बस इतनी थी कि वे बिहार सरकार के कुशासन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। अंग्रेजी हुकूमत की तरह नीतीश सरकार के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज में बीजेपी नेता विजय कुमार सिंह जी की मृत्यु लोकतंत्र का काला अध्याय है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर राज्य प्रायोजित हिंसा को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। विजय कुमार की मौत नीतीश सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button