आपने सोशल मीडिया पर बाइक स्टंट के बहुत से वीडियोज देखे होंगे, जिनमें कुछ क्लिप लड़कों के होते हैं, तो कुछ लड़कियों के…। पर भैया… हमें इंस्टाग्राम की दुनिया में एक ऐसी रील मिली है जिसे देखकर कुछ लोग सोच में पड़ गए हैं। दरअसल, यह क्लिप झारखंड का बताया जा रहा है, जिसमें दो युवतियां चलती मोटरसाइकिल पर ऐसा स्टंट कर रही हैं कि उन्हें देखकर लोगों के मन में तरह-तरह के सवाल आने लगे। दरअसल, लड़कियां चलती बाइक पर एक दूसरे को गले लगाती और किस करती नजर आ रही है। इस दृश्य को बहुत से लोग पचा नहीं पा रहे हैं।
जब लड़कियों ने किया एक-दूसरे को किस
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लड़कियां सूट-सलवार पहने स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर एक-दूसरे की तरफ चेहरा करके बैठी हैं। बाइक चल रही है जिसका हैंडल किसी ने नहीं थामा है। पहले लड़कियां एक-दूसरे को ताली देते हुए हाथ पकड़ती हैं फिर एक-दूसरे को चूम लेती हैं। इसके बाद वह दोनों चलती बाइक पर ही गले मिलती हैं। इसी प्वाइंट पर वीडियो खत्म हो जाता है।
जानलेवा साबित हो सकता था ये खतरनाक स्टंट
इंस्टाग्राम पर ‘स्टार्स ऑफ झारखंड’ (@stars_of_jharkhand) नाम का पेज है। इस पर 24 अप्रैल को लड़कियों के इस शॉकिंग बाइक स्टंट का वीडियो पोस्ट किया गया। इसके कैप्शन में उन्होंने ‘नागपुरी’ लिखा। दरअसल, नागपुरी झारखण्ड, बिहार, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा राज्यों में बोली जाने वाली एक हिन्द-आर्य भाषा है, जिसे भोजपुरी की उपभाषा भी माना जाता है। बता दें, इस इंस्टाग्राम रील को खबर लिखे जाने तक 29 हजार से ज्यादा लाइक्स और साढ़े पांच लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। कुछ लोगों ने इसे बहुत खूबसूरत बताया, तो कुछ ने कहा कि यह खतरनाक है। वहीं कई यूजर लड़कियों को इस तरह से चलती मोटरसाइकिल पर स्टंट करते हुए किस करता देख सन्न रह गए।




