दिल्ली शराब घोटाला मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्शन लिया है। 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। शराब घोटाला मामले में मनीष सिसोदिया के बाद संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई है। ये गिरफ्तारी उस शख्स की गवाही के बाद हुई, जो कभी मनीष सिसोदिया का करीबी माना जाता था। दिल्ली के कारोबारी दिनेश अरोड़ा शराब घोटाला मामले में सरकारी गवाह बन गया। ईडी के सामने उसने सारे राज उगल दिए, जिसके बाद से ईडी ने एक्शन लेते हुए संजय सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की, उसने पूछताछ की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कौन हैं दिनेश अरोड़ा
दिनेश अरोड़ा दिल्ली के बड़े कारोबारियों में शामिल हैं। दिल्ली में उनके कई रेस्टोरेंट चलते हैं। साल 2009 में वो होटल एंड रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े थे। हौज खास में उन्होंने अपना पहला कैफे खोला था। साल 2018 में अरोड़ा ने ईस्टमेल कलर रेस्टोरेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की शुरुआत की। एक कंपनी के बाद एक के बाद उन्होंने कई कंपनियां शुरू की। रेस्टोरेंट के अलावा भी अरोड़ा कई बिजनेस चलाते हैं। चीका दिल्ली, अनप्लग्ड कोर्टयार्ड और ला रोका एरोसिटी कंपनियों के वो मैनेजिंग डायरेक्टर भी है। इसके अलावा दिनेश अरोड़ा राधा इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर हैं। रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में उनका नाम इतना बड़ा है कि दिल्ली के लगभग हर बड़े बाजार में उनकी कैफे, रेस्टोरेंट खुले हैं।
कोविड के समय चर्चा में आए
दिनेश अरोड़ा कोरोना के समय काफी चर्चा में आए थे। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जरुरतमंदों को राशन बांटा था। उन्होंने अपने घर को ही पैकेजिंग यूनिट बना दिया था। राशन से लेकर खाना लोगों में बांटकर उन्होंने खूब तारीफें बंटोरी थी।
क्या है शराब घोटाले से कनेक्शन
दिनेश अरोड़ा ने ईडी को दिए अपने बयान में कहा कि साल 2020 में उसके पास संजय सिंह का फोन आया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर रेस्टोरेंट मालिकों से पैसा मांगने की बात हुई थी। इसके बाद उनके ही रेस्टोरेंट में एक पार्टी के दौरान उनकी मुलाकात मनीष सिसोदिया से हुई थी। संजय सिंह के कहने पर उन्होंने कई रेस्टोरेंट और बार मालिकों से बात की और करीब 82 लाख रुपये आम आदमी पार्टी फंड के तौर पर इकट्ठा कर मनीष सिसोदिया को सौंपे थे। इसके बाद से दिनेश अरोड़ा मनीष सिसोदिया के काफी करीबी हो गए थे।



