गांव की सुबह! गांव की सादगी ने इंटरनेट की पब्लिक के दिल को छू लिया, 5 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं वीडियो
शहरों की सुबह देखी है? कितनी भागदौड़ वाली होती हैं ना। बच्चों को स्कूल के लिए भेजना, फिर खुद तैयार होकर दफ्तर भागना। मेट्रो में भीड़ की मारामारी, सड़कों पर रेंगती गाड़ियां और क्लेश…। सब कुछ सुबह-सुबह होता है। ना सूरज की धूप को छूने का मौका मिलता है, ना सुबह की ठंडी हवा को हम महसूस कर पाते हैं। घर वालों के साथ बतियाना तो दूर हम सिर्फ भागते नजर आते हैं। जी हां, शहरों में सुकून कम और संघर्ष ज्यादा नजर आता है। शहरी लाइफस्टाइल सुख-दुख से परे एक सन्नाटे वाला इमोशन से घिरता जा रहा है। ज्यादातर लोगों की निगाहें कुदरत से दूर स्मार्टफोन को निहारती नजर आती हैं। यहां दिमाग में ईएमआई से लेकर हैप्पीनेस पाने का सिनेमा चलता रहता है। खैर, इस शहरी जिंदगी से कुछ पल के लिए ब्रेक लीजिए और गांव की सुबह से लेकर इन अद्भुत लम्हों को देखिए। साथ ही, समझिए कि जीवन ऐसा भी होता है, जिसमें कुदरत, घर, परिवार और खूब सारा सुकून होता है!
5 करोड़ से अधिक लोगों ने देखा वीडियो!

यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर @yashchoudhary04 ने पोस्ट किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा – गांव कि सुबह का नजारा। इस क्लिप को खबर लिखे जाने तक 53.2 मिलियन (5 करोड़ से अधिक) व्यूज और 58 लाख लाइक्स मिल चुके हैं। साथ ही, 9 हजार से अधिक यूजर्स ने कमेंट भी किए हैं। बहुत से यूजर्स ने लिखा कि मुझे अपने गांव पर गर्व है, तो कईयों को अपने बचपन के दिन याद आए गए जब वे छुट्टियों में गांव जाया करते थे। यश चौधरी, इंस्टाग्राम पर राजस्थान को अपनी नजर से पेश करते हैं। वह एक फोटोग्राफर और फिल्ममेकर हैं। उन्होंने गांव से जुड़े तमाम वीडियो पोस्ट किए हैं। इनमें गांव की सुबह, गांव के रास्ते, स्कूल के दिन, गांव के लोग जैसे तमाम इमोशन्स कैद हैं। जब सोशल मीडिया की जनता इन लम्हों को देखती है तो उसके जहन में अपना गांव, दोस्त और बचपन घूमने लगता है। यकीनन जब आप इन वीडियो को देखेंगे तो आप भी इस फोटोग्राफर के नजरिए के मुरीद हो जाएंगे!



