अमित शाह ने किसे कहा 2G, 3G, 4G पार्टियां? मुस्लिम आरक्षण हटाने का वादा कर तेलंगाना वालों से क्या बोले, जानिए सब कुछ
तेलंगाना विधानसभा चुनाव (Telangana Assembly Elections 2023) प्रचार में बीजेपी ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। दो दिन पहले बीजेपी ने चुनावी घोषणा पत्र जारी किया और अब इसके उम्मीदवार निर्वाचन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रचार कर रहे हैं। तेलंगाना चुनाव में अब सिर्फ 10 दिन बचे हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने एक बार फिर तेलंगाना का दौरा किया और चुनाव प्रचारों में हिस्सा लिया। अमित शाह ने आज जनगामा और कोरुट में विजय संकल्प सभा में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने केसीआर, कांग्रेस और ओवैसी पर जोरदार हमला बोला।
2जी, 3जी और 4जी पार्टियों का मतलब बताया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना में अपने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए उन्हें वंशवादी पार्टियां करार दिया। शाह ने कहा कि के चंद्रशेखर राव (KCR) के नेतृत्व वाली बीआरएस, एआईएमआईएम और कांग्रेस 2जी, 3जी और 4जी पार्टियां हैं। शाह ने नामकरण को आगे समझाया और कहा कि 2जी का मतलब दो पीढ़ी है, जो केसीआर और उनके बेटे केटी रामाराव हैं। जबकि 3जी का मतलब तीन पीढ़ी है, जो असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी है। 4जी का मतलब चार पीढ़ियों वाली कांग्रेस पार्टी है, जो जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी हैं।
तेलंगाना मुक्ति दिवस पर बोले शाह
शाह ने कहा कि केसीआर ने जनगांव में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज का वादा किया था जो पूरा नहीं हुआ और उनके विधायक जमीन हड़पने में व्यस्त हैं। शाह ने आगे कहा कि देश के पहले गृह मंत्री ने तेलंगाना को रजाकारों और निज़ामों से मुक्त कराया, लेकिन केसीआर ने ओवैसी के डर से ‘तेलंगाना विमोचन दिनम’ (तेलंगाना मुक्ति दिवस) मनाने से इनकार कर दिया।
तेलंगाना को भ्रष्टाचार का केंद्र बनाया

अमित शाह ने केसीआर पर तेलंगाना को भ्रष्टाचार का केंद्र बनाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी अकुशल नीतियों के कारण राज्य को भारी आर्थिक कर्ज का सामना करना पड़ रहा है। अमित शाह ने कहा कि आने वाले चुनाव में आपका एक वोट तेलंगाना और भारत का भविष्य तय करेगा। जब तेलंगाना बना था तो वह सरप्लस राज्य था लेकिन आज केसीआर ने राज्य पर उससे भी ज्यादा 3 लाख करोड़ रुपये का कर्ज डाल दिया है। केसीआर ने तेलंगाना को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है। बीआरएस का मतलब है – भ्रष्टाचार रिश्वतखोरी समिति।



