‘बेटे को हाथ लगाने से पहले, बाप से बात कर’, जानिए कैसे ‘जवान’ का हिस्सा बना यह डायलॉग, मजेदार है किस्सा
वैसे तो शाहरुख खान की ‘जवान’ के सारे डायलॉग हिट हुए हैं, लेकिन एक डायलॉग जिसने ट्रेलर रिलीज के वक्त से ही सबका दिल जीत लिया, वह है- बेटे को हाथ लगाने से पहले, बाप से बात कर। और फिल्म देखने पर जिस परिस्थिति में यह डायलॉग शाहरुख द्वारा बोला जाता है, वह इसे और परफेक्ट बना देता है। फैंस ने ‘जवान’ के ट्रेलर में यह डायलॉग देख इसे शाहरुख के बेटे आर्यन खान के ड्रग्स केस से जोड़ना शुरू कर दिया था। उनका कहना था कि इसके जरिए शाहरुख ने समीर वानखेड़े को जवाब दिया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह डायलॉग पहले ‘जवान’ का हिस्सा नहीं था? फिल्म के डायलॉग राइटर सुमित अरोड़ा ने यह खुलासा किया है।
मालूम हो कि Shah Rukh Khan के बेटे Aryan Khan को अक्टूबर 2021 में क्रूज ड्रग्स केस में गिरफ्तार कर लिया गया था। आर्यन को 25 दिनों तक जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी। आर्यन को तब उस केस के जांच अधिकारी समीर वानखेड़े ने गिरफ्तार किया था। उसी घटना से फैंस ने Jawan के डायलॉग ‘बेटे को हाथ लगाने से पहले, बाप से बात कर’ को जोड़ना शुरू कर दिया था। सुमित अरोड़ा ने अब बताया है कि इस डायलॉग को कब और कैसे फिल्म में शामिल किया गया था।
‘जवान’ के शूट वाले दिन ही बना ‘बेटे को हाथ लगाने से पहले’ डायलॉग
‘पीटीआई’ को दिए इंटरव्यू में सुमित अरोड़ा ने कहा, ‘डायलॉग को उसी दिन फिल्म में शामिल किया गया था, जिस दिन शूटिंग शुरू हुई थी। यह एक ऐसी स्टोरी है, जो आपको मूवी मेकिंग के जादू में विश्वास करने पर मजबूर कर देगी। वो लाइन (बेटे को हाथ लगाने से पहले बाप से बात कर) पहले हमारे ड्राफ्ट में थी ही नहीं। हालांकि वो पल हमेशा से था, जब शाहरुख सर का किरदार उस लाइन को बोलता है। हम सभी जानते थे कि वह पल डायलॉग के बिना भी बहुत पावरफुल है।’




