मजबूरी या कुछ और है रणनीति… आखिर अमेरिका क्यों कर रहा है पाकिस्तान की तारीफ?
अमेरिका ने पाकिस्तान की जमकर तारीफ की है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने पाकिस्तान को एक प्रमुख गैर -उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) सहयोगी और नाटो भागीदार देश बताया है। अमेरिका ने यह तारीफ तब की है, जब पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर वॉशिंगटन की यात्रा पर हैं। पाकिस्तानी सेना प्रमुख बनने के बाद मुनीर की यह पहली अमेरिका यात्रा है। अमेरिका की इस तारीफ से पाकिस्तान खुशी से फूला नहीं समा रहा है। दरअसल, इस तारीफ में अमेरिका और पाकिस्तान दोनों का साझा हित छिपा हुआ है। यह वही पाकिस्तान है, जिसे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका ने जमकर सैन्य सहायता दी, लेकिन उसका इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया गया। पाकिस्तान ने इस सैन्य सहायता के बदले हर बार अमेरिका के पीठ में छुरा भोंका।

अमेरिका क्यों कर रहा पाकिस्तान की तारीफ
अमेरिका को अफगानिस्तान में चीन और रूस की बढ़ती दखलअंदाजी को रोकने के लिए पाकिस्तान की सख्त जरूरत है। यह जरूरत तब भी पड़ी थी, जब 2021 में अमेरिकी फौज ने अफगानिस्तान छोड़ा था। लेकिन, उस वक्त पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार थी और उन्होंने अमेरिका के दबाव में झुकने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने इमरान खान का तख्तापलट कर दिया था। इमरान खान ने इसका आरोप सीधे अमेरिका पर लगाया था, लेकिन अमेरिका ने इससे पल्ला झाड़ लिया था। अब अमेरिका को पाकिस्तान में परोक्ष रूप से चल रही पीएमएल-एन की सरकार में मौका दिख रहा है।



