JharkhandStatesWeather

बारिश और वज्रपात को लेकर झारखंड में अलर्ट.

10 से 14 अगस्त तक कई जिलों में बारिश.

रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। रविवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में मौसम का प्रभाव ज्यादा रह सकता है। उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। जमशेदपुर में 52.4 मिलीमीटर बारिश के साथ सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। रांची में 7.4 मिलीमीटर और डाल्टनगंज में 13.6 मिलीमीटर बारिश हुई। चाईबासा, बोकारो, खूंटी और लातेहार में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।

शनिवार को चाईबासा में 9.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बोकारो में 3.6 मिलीमीटर, खूंटी में 19 मिलीमीटर और लातेहार में 9 मिलीमीटर बारिश हुई। रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 10 से 12 अगस्त के बीच बारिश का दौर बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 10 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। 11 और 12 अगस्त को गरज और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाओं का असर भी इन दिनों देखने को मिल सकता है। 13 और 14 अगस्त को भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।

राजधानी रांची में भी बारिश का दौर कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। 12 अगस्त तक दिन में कई बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 13 और 14 अगस्त को भी राजधानी में बारिश हो सकती है। इस बीच राज्य में मानसून की स्थिति अभी सामान्य से नीचे बनी हुई है। झारखंड में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य में औसतन 465.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 590.8 मिलीमीटर है। चतरा और गोड्डा में बारिश की कमी सबसे ज्यादा रही है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है, जबकि रांची और साहिबगंज में करीब 8 फीसदी कमी दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button