दिल्ली पुलिस टीम पर देवघर में हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल, साइबर क्रिमिनल को छुड़ा ले गए ग्रामीण
साइबर क्रिमिनल्स को पकड़ने देवघर के ठेंगाडीह गांव पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम पर दर्जनों ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के कब्जे से एक साइबर क्रिमिनल प्रमोद रवानी को ग्रामीणों ने छुड़ा लिया। इस घटना में दिल्ली पुलिस के तीन और स्थानीय पुलिस का एक जवान घायल हो गए। घायलों को निकट के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया गया कि दिल्ली के नार्थ ईस्ट ज्योति नगर साइबर अपराध थाने की टीम ने बेगूसराय के साइबर अपराधी गौतम कुमार को कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। वहां उसकी निशानदेही पर विभिन्न जगहों पर छापेमारी के बाद रविवार को पुलिस उसे लेकर पथरोल गांव पहुंची। शाम को छह बजे स्थानीय पुलिस के सहयोग से ठेंगाडीह गांव में छापेमारी की। यहां पुलिस ने साइबर अपराध के आरोप में प्रमोद रवानी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी कारू भागने में सफल रहा।
एक ग्रामीण गिरफ्तार, कई धाराओं में मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर एसडीपीओ विनोद रवानी और पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र सिंह पथरोल थाना पहुंचे। यहां उन्होंने घायल जवान से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने ठेंगाडीह से एक ग्रामीण को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर घायल हेड कांस्टेबल सिकंदर यादव के बयान पर ग्रामीणों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने, अपराधी को छुड़ा कर ले जाने समेत विभिन्न धाराओं पर मामला दर्ज किया गया है।




