World

कर्नाटक में बीजेपी की हार से JDU को टेंशन क्यों? असल कहानी जानेंगे तो आप भी चौंक जाएंगे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद उसके हौसले बुलंद हैं। उधर क्षेत्रीय पार्टियां 2024 में बीजेपी को केंद्र की सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट होने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन अंदरखाने की खबर यह है कि कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद बीजेपी से ज्यादा खतरा क्षेत्रीय पार्टियों पर ही मंडरा रहा है। यही वजह है कि ममता बनर्जी, अखिलेश यादव जैसे नेता अब यह कह रहे हैं कि 2024 में जहां कांग्रेस मजबूत है वह वहां चुनाव लड़े। ठीक इसी तरह जिन राज्य में क्षेत्रीय पार्टियां मजबूत है, वहां कांग्रेस उन क्षेत्रीय पार्टियों की मदद करें। माना जा रहा है कि यह पार्टियां अपने राज्य में कांग्रेस को फिर से जिंदा नहीं होने देना चाहती। बिहार में भी जनता दल यूनाइटेड को यही डर सता रहा है लेकिन वह हमला बीजेपी पर कर रही है।

बिहार में बीजेपी का वजूद जेडीयू की वजह से- रणवीर नंदन

जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता और पूर्व विधान पार्षद डाॅ रणबीर नंदन ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा की बीजेपी की राजनीतिक पोल अब देश की जनता के सामने खुल चुकी है। रणवीर नंदन ने कहा कि बीजेपी कभी भी अपने दम पर कुछ नहीं कर सकी है। बिहार में तो भाजपा का वजूद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू की मेहरबानी से है। बिहार की जनता ने भाजपा को कभी तवज्जो नहीं दी है। रणवीर नंदन ने यह भी कहा कि बीजेपी के साथ जितनी पार्टियां जुड़ी हुई थीं, धीरे-धीरे करके सभी ने उनका साथ छोड़ दिया। क्योंकि बीजेपी की नीति समाज को बांटने और एक दूसरे को लड़ाने की रही है। सांप्रदायिक माहौल खराब कर बीजेपी सत्ता हासिल करना चाहती है। लेकिन नीतीश कुमार सबको साथ लेकर चल रहे हैं और बीजेपी की नीति की वजह से ही उनसे अलग होने का फैसला लिया गया।

बिहार में नीतीश के विकास कार्यों से बीजेपी नहीं कर सकती इनकार’

जदयू के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ रणवीर नंदन ने कहा कि बीजेपी के नेता क्या इस बात से इनकार कर सकते हैं कि बिहार में सड़कों का जाल नीतीश सरकार के कार्यकाल में नहीं बिछा है? पीने के पानी को नल के जरिए नीतीश कुमार की योजनाओं ने ही घर घर तक पहुंचाया है ? इतना ही नहीं बिहार का हर गांव नीतीश सरकार की योजना के कारण बिजली से रोशन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिहार की बेहतरी के लिए कभी कोई प्रयास नहीं किया। बिहार का गया जिला जहां पूरे विश्व से लोग आते हैं। लेकिन गया के विकास में कभी आगे बढ़कर केंद्र सरकार ने मदद नहीं की। माता सीता के जन्मस्थान के विकास पर कभी कोई ध्यान नहीं दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button