कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया से बातचीत में अबीदा ने खुद को निर्दोष बताया और हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की बात कही।
अबीदा ने कहा, “मेरे पति गुलामुद्दीन को सब कुछ पता है। घटना के दिन मैं अपनी बहन के घर थी। उन्होंने मुझे कहा था कि वह किसी व्यक्ति को इस काम के लिए बुलाएंगे। मैं और मेरी बेटियां निर्दोष हैं।”
इस बीच, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मृतका अनीता चौधरी को बिना गहनों के सामान्य सलवार सूट में एक ऑटो-रिक्शा में बैठते देखा गया है। पुलिस ने पहले दावा किया था कि हत्या का कारण गहनों की लूट थी, लेकिन 27 अक्टूबर को पार्लर से बाहर निकलते वक्त अनीता ने गहने नहीं पहने थे।
शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलामुद्दीन की पत्नी अबीदा को हत्या के मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया। अबीदा ने पुलिस को बताया कि अनीता को नशीला शरबत पिलाया गया था, जिससे उसकी मौत हुई।
पुलिस ने इस मामले में करीब 18 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और जल्द ही मुख्य आरोपी गुलामुद्दीन की गिरफ्तारी की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि गुलामुद्दीन के फरार होने की दिशा का पता लगा लिया गया है।
27 अक्टूबर को अनीता ने दोपहर करीब 2:30 बजे अपने ब्यूटी पार्लर को बंद किया था, लेकिन उस रात वह घर नहीं लौटीं। अगले दिन उनके पति मनमोहन चौधरी (56) ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 29 अक्टूबर को पुलिस ने जांच के दौरान गुलामुद्दीन के गंगाना स्थित घर पर अनीता का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया, जो घर के पास दफनाया गया था।
बताया जा रहा है कि कर्ज के बोझ से दबे गुलामुद्दीन ने अनीता को कीमती संपत्ति रखने का लालच देकर बुलाया और फिर चाकू से हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई है।
इस बीच, अनीता के परिवार और जाट समुदाय ने वीर तेजा मंदिर पर धरना देकर न्याय की मांग की है।


