World

दिनेश शर्मा बनाए गए राज्यसभा उप चुनाव में BJP उम्मीदवार, योगी सरकार-1 में थे डिप्टी सीएम

उत्तर प्रदेश के सीनियर भारतीय जनता पार्टी नेता डॉ. दिनेश शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार घोषित किया है। राज्यसभा उप चुनाव को लेकर उम्मीदवार के नाम पर पिछले दिनों मंथन चल रहा था। केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से डॉ. दिनेश शर्मा के नाम पर मुहर लगा दी गई। भाजपा ने इस कदम से प्रदेश के ब्राह्मण वोट बैंक को बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में डॉ. दिनेश शर्मा को डिप्टी सीएम बनाकर भाजपा ने संदेश दिया था। डॉ. शर्मा को ग्रासरूट से जुड़ा नेता माना जाता है। लखनऊ के मेयर से लेकर उन्होंने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया है। इन दिनों वे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। उनके राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से उनके समर्थकों के बीच एक बड़ा संदेश जाएगा।

यूपी की खाली सीट के लिए हो रहा है उप चुनाव

यूपी राज्यसभा की एक सीट खाली है। इस पर चुनाव की घोषणा हुई है। भाजपा ने अब इस सीट के लिए पार्टी उम्मीदवार का नाम तय कर लिया है। केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से दिनेश शर्मा के नाम का ऐलान किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से दिनेश शर्मा के नाम का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दिनेश शर्मा को लोकसभा चुनाव से पहले राज्यसभा भेजकर पार्टी की ओर से बड़ी रणनीति तैयार की जा रही है।

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने किया दिनेश शर्मा के नाम का चयन

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने किया दिनेश शर्मा के नाम का चयन

15 सितंबर को है उप चुनाव

भाजपा के सीनियर नेता हरिद्वार दुबे के निधन के कारण राज्यसभा की एक सीट खाली हुई है। वे 72 साल के थे। 26 जून को दिल्ली स्थित आवास पर उनका निधन हो गया था। इस सीट पर चुनाव आयोग की ओर से 15 सितंबर को उप चुनाव कराने का ऐलान किया गया है। चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत 5 सितंबर तक इस सीट के नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 6 सितंबर को नामांकन की जांच होगी। 8 सितंबर तक नाम वापस लिए जाएंगे। 15 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। शाम 5 बजे वोटों की गिनती के बाद परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

डिप्टी सीएम रह चुके हैं डॉ. शर्मा

डॉ. दिनेश शर्मा को यूपी के ब्राह्मण वोट बैंक के बीच अच्छी पैठ के लिए जाना जाता है। अपने सरल स्वभाव के लिए वे जाने जाते हैं। उनके मिजाज को कार्यकर्ता खासा पसंद करते हैं। वे योगी सरकार के 2017 से 2022 तक के कार्यकाल में उप मुख्यमंत्री की भूमिका में थे। यूपी चुनाव 2022 के बाद से वे संगठन के कार्य में लगे हुए थे। 12 जनवरी 1964 को डॉ. शर्मा का लखनऊ में जन्म हुआ था। वे लगातार दो बार लखनऊ के मेयर रह चुके हैं। साथ ही, वे लखनऊ यूनिवर्सिटी में कॉमर्स के प्रोफेसर भी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button