सुप्रीम कोर्ट जुग-जुग जियो… कहते हुए रात में चैंबर से निकले कलकत्ता HC के जस्टिस गंगोपाध्याय, पूरी बात जानिए
कोलकाता/नई दिल्ली:सुप्रीम कोर्ट ने एक अभूतपूर्व सुनवाई में कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले पर स्थायी रोक लगा दी। दरअसल कलकत्ता HC के जज जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय ने SC के सेक्रेटरी जनरल से दस्तावेज पेश करने को कहा था। सुप्रीम कोर्ट ने इसे ‘न्यायिक अनुशासनहीनता’ कहा और जस्टिस गंगोपाध्याय के ऑर्डर पर रोक लगा दी। इसके बाद अपने चैंबर में बैठे जस्टिस गंगोपाध्याय के मुंह से निकला, ‘सुप्रीम कोर्ट जुग जुग जियो।’ जस्टिस गंगोपाध्याय अपने चैंबर में बैठकर SC से फाइलें आने का इंतजार कर रहे थे। SC ने इससे पहले हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस से कहा था कि पश्चिम बंगाल के स्कूल भर्ती घोटाले के मामले को जस्टिस गंगोपाध्याय की जगह किसी और जज को सौंपे। मामले को लेकर जस्टिस गंगोपाध्याय ने एक समाचार चैनल को इंटरव्यू दिया था। इसी के बाद जस्टिस गंगोपाध्याय ने SC के सेक्रेटरी जनरल से उस इंटरव्यू की ट्रांस्क्रिप्ट और बाकी रिपोर्ट मांगी।




