World

केजीएमयू में दर्दनाक हादसा, ऑर्थो वार्ड की खिड़की से गिरे मरीज रामवृक्ष की मौत, बुधवार को हुई थी सर्जरी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती मरीज की तीसरी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है रीढ़ की समस्या को लेकर बुधवार को मृतक की सर्जरी हुई थी। लेकिन, आज सुबह केजीएमयू के आर्थोपेडिक वार्ड की खिड़की से गिरकर मरीज राम वृक्ष की मौत हो गई है। मौत के कारणों की जांच शुरू हो गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में जांच कराई जा रही है। मिल रही शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक रामवृक्ष कुशीनगर जिले के रहने वाले थे। 54 वर्षीय रामवृक्ष का ईलाज केजीएमयू में चल रहा था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।

रामवृक्ष 25 अगस्त को केजीएमयू के आर्थो विभाग में एडमिट हुए थे। इनकी चोट की पुरानी हिस्ट्री थी, जिसकी वजह से इनको रीढ़ में समस्या थी। 13 सितंबर को हड्डी रोग विभाग ने राम वृक्ष की सर्जरी की थी। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि ऑपरेशन के बाद से रामवृक्ष की रिकवरी अच्छी हो रही थी। मरीज राम वृक्ष का ईलाज लिंब सेंटर के जनरल वार्ड में चल रहा था। ऐसे में मरीज की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

डॉ. सुधीर सिंह की माने तो मृतक राम वृक्ष को किसी भी तरह की न्यूरोलॉजिकल दिक्कत भी नहीं थी। आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे आर्थोपेडिक वार्ड की खिड़की से नीचे गिरकर रामवृक्ष की मौत हो गई है। वहीं घटना के बाद से केजीएमयू में हड़कंप मच गया है। उधर घटना के बाद केजीएमयू प्रशासन ने पुलिस को इस मामले की जानकारी दे दी है। अब पुलिस जांच से ही स्पष्ट होगा कि कुशीनगर निवासी रामवृक्ष की मौत किस कारण से हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button